Samastipur : निर्माणाधीन मार्केट के बोरबेल में दबकर मजदूर की मौत, एक जख्मी

समस्तीपुर, जागरण संवाददाता। शहर के पेठियागाछी बाइपास रोड के निकट बूढ़ी गंडक नदी के किनारे एक निर्माणाधीन कॉंप्लेक्स के बोरबेल में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मथुरापुर ओपी थाना क्षेत्र के सारी पंचायत के अकबरपुर पितौझिया निवासी जनक राम के पुत्र 35 वर्षीय मनोज राम के रूप में हुई है। बचाव कार्य में लगे उपेन्द्र सहनी इसमें गंभीर रूप से घायल हो गए। नगर थाना की पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद ली। घायल को गडढ़े से बाहर निकाला। करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद लोडर मशीन से खुदाई कर मृतक के शव को गडढे से बाहर निकाला गया। इससे आक्रोशित लोगों ने कंस्ट्रक्शन की चारदीवारी के अंदर एक झोपड़ी में आग लगा दी। सड़क पर बांस बल्ला रखकर बाइपास जाम कर दिया। निर्माणाधीन भवन वारिसनगर थाना क्षेत्र के सारी निवासी जीवछ महतो की है। घटना के बाद कंस्ट्रक्शन के मालिक व कर्मी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

वारिसनगर थानाक्षेत्र के सारी निवासी जीवछ महतो का पेठियागाछी बाइपास रोड के निकट बूढ़ी गंडक नदी के किनारे भवन निर्माण (कंस्ट्रक्शन) का काम चल रहा है। शनिवार को मजदूर निर्माणाधीन भवन में बोरबेल का गङ्ढा तैयार कर रहे थे। इसी क्रम में अंदर घंसना गिरने से मनोज राम मिट्टी के अंदर दब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद कंस्ट्रक्शन के मालिक व सभी मजदूर वहां से भाग निकले। किसी व्यक्ति ने बाहर जाकर स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। कंस्ट्रक्शन का काम कर रहे कुछ मजदूरों ने अंदर जाकर गडढे से शव निकालने का प्रयास किया। इस क्रम में उपेन्द्र सहनी नामक कर्मी गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे नगर थानाध्यक्ष अरुण राय ने बचाव कार्य में पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोगों की मदद ली। घायल को गडढे से बाहर निकाला। वही गडढा खोदकर मनोज राम के शव को निकाला गया। इसी बीच कुछ आक्रोशित लोगों ने चारदीवारी के अंदर कंस्ट्रक्शन की एक झोपड़ी में आग लगा दी और बाहर सड़क पर बांस बल्ला रखकर बाइपास जाम कर दिया। हलांकि, तत्काल पुलिस टीम के द्वारा लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त करा दिया गया। आगजनी में झोपड़ी जलकर राख हो गया। इसके बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए। पुलिस प्रशासन के द्वारा लोडर मशीन लाकर राहत बचाव का कार्य शुरु किया गया। करीब चार घंटे कड़ी मशक्कत के बाद गडढा खोदकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मौके पर अंचलाधिकारी धर्मेन्द्र पंडित समेत काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
घटना की सूचना पर मृतक के घर मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक मनोज राम के घर कोहराम मच गया। स्वजनों की चीख पुकार से माहौल गमनीन है। बूढ़ेबाप के कंधे से पुत्र का सहारा छिन गया। पत्नी और बच्चे भी शव से लिपटकर आंसू बहा रहा हैं। मृतक की चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। स्वजनों ने बताया कि मनोज के कंधे पर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उसकी मौत के बाद परिवार का भरण पोषण मुश्किल हो गया है। आसपास के लोगों ने स्वजनों को सांत्वना दी। अंचलाधिकारी ने बताया कि नियमानूकुल विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए मृतक के स्वजनों को सहायता प्रदान की जाएगी।

अन्य समाचार