बच्चे की हत्या के आरोपित की मां व बहन को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सीतामढ़ी। नगर थाना अंतर्गत जानकी स्थान, मंडल नगर, वार्ड नंबर-5 में बच्चों के बीच महज दो रुपये के उधारी के विवाद में एक किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरे किशोर की मां व बहन को गिरफ्तार किया है। एसपी अनिल कुमार ने जानकारी दी कि विक्की कुमार को छोटू कुमार एवं उसके स्वजनों ने मारपीट की तथा उसी क्रम में छोटू कुमार द्वारा विक्की कुमार को धारदार हथियार से सीने पर वार कर दिया गया, जिसके बाद इलाज के क्रम में विक्की की मौत हो गई। इस संबंध में सोमवार को ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। टाउन पुलिस इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव व टाउन थाना प्रभारी विकास कुमार राय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के आरोपित छोटू की मां रेखा देवी पति चंद्रप्रकाश मंडल व उनकी पुत्री कोमल कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जेल भेज दिया गया। बच्चों के विवाद में बड़े कूदे, सबने मिलकर पीटा


जानकी स्थान मंडल नगर में इस घटना के बाद कोहराम मचा है। मृतक विक्की कुमार, राजू मंडल का पुत्र था। बताया गया है कि दोनों नाबालिगों में खेल के दौरान दो रुपये को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़कर बात हाथापाई पर आई। बच्चों के विवाद में बड़े भी कूद पड़े। इसी बीच छोटू ने विक्की को नुकीली चीज से मार दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने लहूलुहान विक्की को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मगर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के घर में तलाशी भी ली। इस मामले में छोटू की मां व बहन को पूछताछ के लिए थाने लाई। मृतक के चाचा ओमप्रकाश मंडल के बयान पर मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार