सात घर जले, एक बच्ची और दो महिलाएं झुलसीं, एक की मौत

पूर्णिया। महाराजगंज 01 पंचायत के वार्ड 14 स्थित योगीगंज इकराहा में हुई अगलगी की भीषण घटना में सात अलग-अलग परिवारों के घर जलकर खाक हो गया। अलग अलग घरों में खाना पका रही दो महिलाएं व एक दो वर्षीय बच्ची आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। इसमें एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस अग्निकांड में जनहानि के अलावे करीब 25 लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान बताया गया।

घटनास्थल पर मौजूद समाजसेवी मु. जियाउर रहमान, पंसस सह राजद बनमनखी के प्रखंड उपाध्यक्ष सुनील कुमार पासवान, तजम्मुल हुसैन, मु. रागिब, सलाउद्दीन, फैयाज, शाहनवाज,मु. तारीख, मु. छोटे, देहात, मिन्हाज आदि ने बताया रविवार की देर शाम को उस समय हुई जब चूल्हे से गैस सिलेंडर में आग पकड़ लिया और देखते ही देखते घर में रखे दोनों गैस सिलेंडर फट गया। इससे अगर बगल के सात परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आग ने खाना पका रही मु. मुनाजिर की 25 वर्षीय बीबी सामरीन शाहजादी और पास में खेल रही उसकी दो वर्षीया पुत्री सायका प्रवीण को अपनी चपेट में ले लिया। इससे दोनों मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने घर की दीवार तोड़कर दोनों मां-बेटी को गंभीर अवस्था में बाहर निकाला। इलाज के दौरान सामरीन की मौत हो गई। दूसरी ओर मु. मुंस्तकीम की बीबी अफसाना खातून भी गैस सिलेंडर फटने से बुरी तरह झुलस गई। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक पूर्णिया, एसडीओ बनमनखी, अंचलाधिकारी, सहित स्थानीय पुलिस को दी गई। फायरब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही सबकुछ जलकर राख हो चुका था। घटनास्थल पर पहुंची जानकीनगर पुलिस व पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने वस्तुस्थिति का जायजा लिया तथा शोक-संतप्त परिजनों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान पूर्व पंसस मु. खालिद, पूर्व मुखिया मु. अकेला गिलवान, सरपंच फूल कुमारी देवी, मिथिलेश यादव सहित विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। अंचलाधिकारी अर्जुन कुमार विश्वास ने बताया कि सभी पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार