भारत ने 9वीं बार 10 विकेट से जीता टेस्ट, सबसे पहले पाकिस्तान के खिलाफ मिली थी ये कामयाबी

नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में धमाकेदार खेल दिखाते हुए 10 विकेट से जीत हासिल की। महज दो दिन के भीतर इंग्लैंड की टीम को मात देकर भारत ने सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बनाई। टेस्ट इतिहास में 9वीं बार टीम इंडिया ने किसी टीम के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की है।

अहमदाबाद टेस्ट में भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल और आर अश्विन ने पहली पारी में इंग्लैंड की टीम के महज 112 रन पर समेट दिया। भारत ने पहली पारी में 145 रन बनाकर 33 रन की बढ़त बनाई थी। दूसरी पारी में इंग्लैंड को भारत ने 81 रन पर ढेर कर दिया और उसे जीत के लिए महज 49 रन का लक्ष्य मिला। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल किया और भारत को 10 विकेट की बड़ी जीत दिलाई।
सबसे पहले पाकिस्तान को हराया था 10 विकेट से
भारत ने सबसे पहले पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में 10 विकेट से जीत हासिल की थी। 13 नवंबर 1952 में मुंबई टेस्ट में भारत ने यह कमाल किया था। जनवरी 1980 में चेन्नई टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी बार भारत ने 10 विकेट की जीत हासिल की थी। दिसंबर 1988 में न्यूजीलैंड की टीम को भी भारत ने हैदराबाद टेस्ट में इसी अंतर से हराया था। साल 2001 में भारतीय टीम ने मोहाली में इंग्लैंड को 10 विकेट से हराया था।
2005 में भारत ने हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ 10 विकेट की बड़ी जीत हासिल की जो विदेशी धरती पर पहली ऐसी जीत थी। 2009 में हैमिल्टन में भारत ने न्यूजीलैंड को इसी अंतर से हराया। 2010 में भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ उसी घर पर 10 विकेट से जीत हासिल की थी। अक्टूबर 2018 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को आखिरी बार 10 विकेट के अंतर से मात दी थी।

अन्य समाचार