अगलगी में आठ घर समेत लाखों रुपये की संपत्ति राख

संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल) : वीरपुर नगर पंचायत के वार्ड 09 एसबीआई गली में गुरुवार की दोपहर अचानक आग लग गई, जिसमें 08 घर समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घर में रखा फर्नीचर, कपड़ा, अनाज, नगद सहित जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। आग पर जब तक काबू पाया जाता तब तक कुछ भी बचाया नहीं जा सका। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद घटना स्थल पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। अगलगी में दर्पी यादव, मिश्री लाल यादव, अरविद कुमार यादव का घर शामिल है।

घटना की सूचना अंचल कार्यालय को भी दी गयी। राजस्व कर्मचारी गुलाब चंद राय ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधनों के अनुरूप पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

---
किसानों के लिए कार्यक्रम
जागरण संवाददाता, सुपौल: जलवायु अनुकूल खेती के गुर को जानने के लिए 40-40 किसानों के दो जत्था को जिला कृषि पदाधिकारी समीर कुमार ने बुधवार को झंडी दिखाकर छातापुर के लिए रवाना किया। जहां कृषि विज्ञान केंद्र राघोपुर द्वारा जलवायु अनुकूल जीरो टिलेज गेहूं व मक्का की खेती किसानों से करवाई गई है। सुपौल तथा किशनपुर के किसानों के जत्था को झंडी दिखाकर रवाना करते हुए डीएओ ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण आज जलवायु अनुकूल खेती समय की मांग हो चुकी है, जब तक हम खेती की इस नई विधि को नहीं अपनाते हैं तब तक किसानी फायदा नहीं दे सकता। बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र राघोपुर द्वारा छातापुर प्रखंड के मधुबनी, उधमपुर, लालगंज एवं परियाही गांव में जलवायु आधारित खेती करवाई गई है। जत्था में शामिल किसानों को कृषि वैज्ञानिकों द्वारा फसल प्रणाली और फसल चक्र के बारे में बताया जाएगा। ताकि पारंपरिक खेती को नया आयाम दिया जा सके। इस मौके पर सहायक निदेशक पौधा संरक्षण विजय रंजन समेत कर्मी व अन्य मौजूद थे।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार