Liquor Ban in Bihar: पंजाब और हरियाणा में मनु महाराज की टीम ने की छापेमारी, शराब माफियाओं में मचा हड़कंप

बिहार के सारण रेंज के डीआईजी मनु महाराज ने शराब माफियाओं के खिलाफ अब अन्य राज्यों में भी कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। पंजाब और हरियाणा में डीआईजी मनु महाराज के निर्देश पर सारण, सीवान और गोपालगंज जिले के पुलिस पदाधिकारियों की गठित संयुक्त टीम ने हरियाणा के चंडीगढ़, मोहाली और पंजाब के कुछ इलाकों में शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ये शराब माफिया शराब को ट्रकों के जरिए छपरा, सीवान और गोपालगंज भेजते थे। इसके अलावा में बिहार के अन्य जिलों में भी माफियाओं द्वारा शराब भेजी जाती थी। 

राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी कानून को बिहार में लागू कराने को लेकर सारण रेंज के डीआईजी ने पूरी तरह से कमर कस लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सारण प्रमंडल से जो टीम भेजी गई है, उसने चंडीगढ़ के आसपास इलाके मोहाली व अन्य शहरों से करीब आधा दर्जन शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। 
आपको बता दें कि हाल ही में शराब के एक बड़े कारोबारी अजीत लाल को भी गोपालगंज पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया था। उधर सारण पुलिस की टीम के द्वारा हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में छापामारी की जाने से पंजाब और हरियाणा से जो शराब  की बड़ी खेप भेजते थे, वैसे माफियाओं में हड़कंप मच गया है। उन्हें अब डर सताने लगा है कि कहीं उनके ठिकानों पर छापेमारी ना हो जाए। 
गौरतलब है कि होली और पंचायत चुनाव को देखते हुए शराब माफियाओं के द्वारा बिहार में शराब बेचने की बड़ी तैयारी चल रही थी। हालांकि पुलिस पदाधिकारियों का कहना है कि शराब माफियाओं को जड़ से खत्म करने के लिए मनु महाराज ने टास्क दे रखा है, जिसे पूरा किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कुछ भी खुल कर बताने से परहेज किया, लेकिन पुलिस के विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मनु महाराज की टीम करीब दस शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया है। 
गिरफ्तार माफिया पर पुलिसिया कार्रवाई चल रही है। हाल ही में डीआईजी ने रेंज के छपरा, सीवान और गोपालगंज एसपी के साथ दो हजार लीटर से अधिक शराब की लंबित कांडों को लेकर समीक्षा बैठक की थी। करीब 15 टीम को गठित किया गया था और उन्हें शराब के अवैध कारोबार का जड़ से खत्म करने का टास्क दिया गया था। 

अन्य समाचार