फुलकाहा प्रखंड बनाने को लेकर मंत्री ने डीएम से मांगी रिपोर्ट

-- पात्रता को पूरा करने के बावजूद डेढ़ दशक से सरकार इस मांग को करती रही है नजरअंदाज

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया): बिहार में नए जिला,अनुमंडल,ब्लॉक के गठन को लेकर कवायद तेज हो गई है। जिले के नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा को प्रखंड बनाने की मांग तेज हो गई है। नरपतगंज विधायक जयप्रकाश यादव ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया तो ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि फुलकाहा प्रखंड बनाने को लेकर जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है।
ज्ञातव्य हो कि पात्रता को पूरा करने के बावजूद डेढ़ दशक से सरकार इस मांग को नजरअंदाज करती रही है। जानकारी के मुताबिक भारत-नेपाल से सटे लोग फुलकाहा प्रखंड बनाने के लिए कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। 2010 में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी फुलकाहा आए थे। उनके सामने भी यहां के लोगों ने उक्त मांग की थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। 2005 तक राजद की सरकार थी। 15 वर्ष तक सत्ता में रही लेकिन फुलकाहा को प्रखंड का दर्जा नहीं मिला। पूर्व भाजपा विधायक जनार्दन यादव के कार्यकाल में भी इसकी मांग उठी लेकिन नतीजा शून्य रहा। पूर्व राजद विधायक अनिल यादव के कार्यकाल में भी यह मांग पूरी नहीं हुई। अब लोगो की नजरें नरपतगंज के वर्तमान विधायक जयप्रकाश यादव की तरफ है। ऐसे में प्रखंड के लोगों को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
गेहूं की हुई बंपर पैदावार, उचित मूल्य को के लिए सशंकित हैं किसान यह भी पढ़ें
आठ पंचायत को मिलाकर हो रही फुलकाहा को प्रखंड बनाने की मांग
नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के बेला,बसमतिया,पथराहा,मानिकपुर ,भंगही,सोनापुर,नवाबगंज एवं अंचरा पंचायत को मिलाकर फुलकाहा को प्रखंड बनाने की मांग हो रही है। इन पंचायतों से फुलकाहा की दूरी ज्यादा नहीं है। यदि फुलकाहा प्रखंड बन जाता है तो इन पंचायतों के व्यक्तियों के हित में काफी फायदा होगा। नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत 29 पंचायत है,जिनके कारण वहां काफी भीड़ लगी रहती है। कोई भी काम करवाने में महीनों लग जाते है जिनसे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रखंड मुख्यालय के अधिकारी इतने पंचायत के लोड को झेल नहीं पाते है और कई पंचायत विकास के रफ्तार में पीछे छूट जाता है।
क्या कहते क्षेत्र के लोग
मानव सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व मुखिया संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र भेजकर मांग की गई लेकिन फुलकाहा प्रखंड नहीं बना।स्नातक के छात्र नीतीश कुमार ने कहा कि फुलकाहा को प्रखंड बनाये जाने पर स्थानीय छात्रो व किसानों के हित मे काफी फायदा होगा।
फुलकाहा निवासी लालविजय सुधाकर ने कहा कि सरकार फुलकाहा को प्रखंड का दर्जा दे अन्यथा हमलोग आमरण अनसन पर बैठेंगे।
रविद्र यादव टीकू ने कहा कि किसानों को नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने में फसल बर्बाद हो जाता लेकिन काम नहीं होता। फुलकाहा प्रखंड बने तो किसानों के लिए वरदान साबित होगा।
मनीष कुमार ने कहा कि फुलकाहा प्रखंड बनेगा ऐसा हमलोग बचपन से ही सुन रहे है लेकिन आजतक नहीं बना। विधायक से लेकर मंत्री तक सिर्फ वादा करके चल गए।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार