छपरा में देखा गया रमजान का चांद, रोजा आज से

चांद दिखने के बाद विशेष दुआ पढ़ी गयी

कोरोना के कारण जिले की सभी मस्जिद को बंद रखने का निर्णय
छपरा। नगर प्रतिनिधि
जिले भर में रमजान का चांद देखे जाने की तस्दीक हो गयी है।बुधवार से रमजान का महीना शुरु हो रहा है। चांद देखकर लोगों ने जहां विशेष दुआ पढ़ी वहीं एक दूसरे को बधाइयां भी दी, जबकि युवकों ने पटाखे चला कर चांद होने का एलान किया और खुशी जाहिर की। रमजान आगामी एक माह तक जो 13-14 मई तक चलेगा। पहले रमजान के सेहरी का समय सुबह 04 बजकर 07 मिनट का है तो वहीं इफ्तार का वक्त शाम के 06 बजकर 17 मिनट है।
14 घंटे तक रखना पड़ेगा उपवास
इस बार रोजे 14 घंटे से ज्यादा वक्त के होने वाले हैं। बुधवार को पहला रोजा 14 घंटे 10 मिनट का होगा। सहरी और इफ्तार के बीच रोजेदार कुछ खाते-पीते नहीं। पानी तक नहीं पिया जाता। इस अवधि में अपनी इ्द्रिरयों पर पूर्ण काबू रखना महत्वपूर्ण होता है। अर्थात आंख, कान, मुंह सभी को बुराई से बचाते हैं। इस माह को सालोंभर जीवन जीने के प्रशिक्षण के तौर पर भी देखा जाता है। यानी जिस प्रकार रोजेदार का जीवन सात्विक होता है पूरे वर्ष वैसा ही होना चाहिए।
मस्जिद में केवल पांच लोग पढ़ेंगे तरावीह
कोरोना के कारण जिले की सभी मस्जिद को बंद कर दिया गया है। सामूहिक नमाज अदा करने पर पाबंदी लगा दी गयी है। कई मस्जिद से ईशा की आजान के समय चांद होने और कल से रमजान शुरू होने का एलान किया गया,जबकि तरावीह की नमाज मस्जिद में पढ़ने की बजाय लोगों को घरों में ही पढ़ने का निर्देश दिया गया। वहीं इमाम, मोअज्जिन समेत कुल पांच लोग ही मस्जिदों में नमाज अदा करेंगे।

अन्य समाचार