जिले में कुल 128 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले

हड़कंप

एंटीजन किट से कुल 1455 लोगों की जांच की गयी
ट्रू नेट मशीन से कुल 160 लोगों की जांच की गयी है
सीवान। निज प्रतिनिधि
जिले में कोविड-19 का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। गुरुवार को भी जिले में कोरोना के कुल 128 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार जिले में एंटीजन किट से कुल 1455 लोगों की जांच की गयी। इनमें से कुल 115 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी है। सबसे अधिक पॉजिटिव मरीजों की संख्या सदर अस्पताल जांच केंद्र पर मिली है। जानकारी के अनुसार यहां कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 40 है। वहीं दूसरे स्थान पर जीरादेई प्रखंड में कुल 11 पॉजिटिव मिले हैं। ट्रूनेट मशीन से कुल 160 लोगों की जांच की गयी, जिसमें कुल 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। वहीं जिले के कुल 609 लोगों की आरएमआरआई जांच सैंपल लिया गया।
जेल के एक बंदी की रिपोर्ट भी मिली थी पॉजिटिव
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जेल के एक बंदी भी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना भेजा गया है। बताया जाता है कि बंदी को प्रत्येक दो-तीन दिन पर सदर अस्पताल इलाज के लिए ले जाना होता था। इस दौरान लौटते समय उसकी कोविड-19 जांच भी करायी जाती थी। बीते दिनों जब उसे सदर अस्पताल लाया गया और जांच किया गया तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके बाद उसे इलाज के लिए पटना भेज दिया गया। गनीमत रहा कि पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने से पहले बंदी को जेल के भीतर अन्य सामान्य बंदियों के बीच नहीं बल्कि जेल में ही बने क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था।
हसनपुरा में पकड़ी गांव में मिला कोरोना संक्रमित
हसनपुरा। स्थानीय प्रखंड के पकड़ी गांव में कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। बीडीओ डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि रैपिड एंटीजन कीट द्वारा जांच में पकड़ी गांव निवासी पचास वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। संक्रमित की ट्रेवल हिस्ट्री पता लगायी जा रही है। संक्रमित के परिजनों की भी कोविड-19 की जांच करायी जायेगी।
21 लोगों से 1050 की हुई वसूली
रघुनाथपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए प्रखंड में मास्क जांच अभियान में तेजी आ गयी है। गुरुवार को बीडीओ संतोष कुमार मिश्र व सीओ अशोक कुमार मिश्र ने नेतृत्व में राजपुर मोड़ पर जांच अभियान चलाया गया। 21 लोगों से 1050 रुपये की वसूली की गई। मौके पर पुअनी इजरायल खां, सीआई महावीर मांझी, पवन कुमार तिवारी व मिथिलेश कुमार थे।

अन्य समाचार