मंदिरों में गूंज रहे मां के जयकारे, माहौल भक्तिमय

मंदिरों में गूंज रहे मां के जयकारे, माहौल भक्तिमय

छपरा। नगर प्रतिनिधि
वासंतिक नवरात्र की तृतीया तिथि पर अनंत शुभफलों की कामना से भगवती दुर्गा के चंद्रघंटा स्वरूप का दर्शन पूजन किया गया। गुरुवार को सुबह में साढ़े तीन बजे मंगला आरती के बाद माता रानी के पट भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। मंदिर का पट खुलते ही संपूर्ण वातावरण देवी माता की जय.... भगवती दुर्गा की जय ...से गूंज उठा। शहर के धर्मनाथ मंदिर, कोर्ट देवी मंदिर, शाकंभरी मंदिर, कोनिया माई मंदिर के अलावा अन्य मंदिरों में मां भगवती के प्रति आस्था रखने वाली महिलाओं ने नारियल, चुनरी के साथ देवी को लाल चूड़ी ,सिंदूर आलता आदि अर्पित किए । अहले सुबह से देर शाम तक भक्त पूजा-पाठ व आरती में लगे रहे। नवरात्र में शहर में भक्तों के कई रूप देखने को मिल रहे हैं। कोई फलाहार कर तो कोई शुद्ध सात्विक भोजन कर मां की आराधना में लगे हैं। अधिकांश घरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ हो रहा है। कोई सुबह -शाम तेरह अध्याय का पाठ कर रहा है तो कोई कवच - कील -अर्गला स्तोत्रम मंत्र के बाद एक-एक अध्याय का पाठ कर रहा है। बच्चे दुर्गा चालीसा के पाठ करने में लगे हैं। अमीर से लेकर गरीब तबके के श्रद्धालु मां के चरणों में शीश नवाने के लिए पहुंच रहे हैं। मां से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए गुहार भी लगा रहे हैं। भक्त देवी मां से गलतियों को माफ कर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मांग रहे हैं।

अन्य समाचार