गड़खा में कोरोना से एक की मौत, लोगों में दहशत

गड़खा में कोरोना से एक की मौत, लोगों में दहशत

गड़खा। एक संवाददाता
प्रखंड में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत बुधवार की रात हो गई। मृतक 54 वर्षीय बहारण चौधरी गड़खा थाना क्षेत्र के मीठेपुर गांव के रहने वाले थे। प्रखंड में इस वर्ष यह कोरोना से पहली मौत है। पिछले वर्ष भी फुलवरिया गांव में एक अधेड़ की मौत कोविड से हो गई थी। बहारण पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। छपरा में कोविड टेस्ट के दौरान उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बुधवार की शाम उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर ले जाया गया था। वहां से उन्हें पटना रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ा। उनकी मौत के बाद से गांव में हड़कंप मचा गया। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम मीठेपुर गांव पहुंची और परिजनों, उनके साथ रहने वाले लोगों और आसपास के ग्रामीणों की सैंपलिंग के काम में जुट गई। कुल 45 लोगों की कोरोना जांच की गई। हालांकि सुखद बात यह रही कि इनमें से एक भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। इसके बाद गांव के लोगों का डर कम हुआ। आसपास के घरों के सेनेटाइजेशन का काम भी शुरू कर दिया गया है। जानकारों की माने तो मृतक का कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। उनकी पत्नी आंगनबाड़ी सेविका हैं, जबकि वह खुद इंडियन पोस्ट में कार्य करते थे। वहीं गुरुवार को गड़खा सीएचसी में कोरोना जांच के दौरान छह अन्य लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें भेल्दी थाना क्षेत्र के सरायबॉक्स और तरवार व गड़खा थाना क्षेत्र के बसंत रोड, सरगट्टी व संठा गांवों के व्यक्ति शामिल हैं।

अन्य समाचार