नहाय खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू

छपरा। नगर प्रतिनिधि

नहाए- खाए के साथ ही शुक्रवार से चार दिवसीय छठ महोत्सव की शुरुआत हुई। व्रतियों ने मिट्टी के चूल्हे पर चावल, दाल और सब्जी बना कर पहले अग्नि देवता को समर्पित किया। उनके भोजन ग्रहण के बाद परिवार के लोगों ने पूजन किया। शनिवार को श्रद्धालु खरना करेंगे। दिनभर निर्जला रह कर मिट्टी के चूल्हे पर शाम में खीर रोटी बनाएंगे फिर रोटी व फलों से खरना पूजन किया जाएगा। इसके बाद व्रती पहले प्रसाद ग्रहण करेंगे इनके बाद ही परिवार के दूसरे लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसी के साथ ही व्रतियों के 48 घंटे का छठ व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार की शाम में डूबते सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा। सोनवार को उगते सूर्य के अर्घ्य के साथ पूजा की समाप्ति होगी।
नदी तट पर व्रतियों ने किया नहाए खाए
शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में व्रतियों ने नदी तट पर जाकर नहाए खाए किया। अहले सुबह से ही शहर के घाट के अलावा डोरीगंज के बंगाली बाबा घाट, चिरांद घाट, रिविलगंज के करियावा मंदिर घाट ,श्री नाथ बाबा घाट ,गौतम ऋषि घाट, मांझी घाट पर व्रतियों ने नदी के पानी से भोजन तैयार किया। फिर अग्नि को समर्पित कर पूजा की गई। कई व्रतियों ने नदी से जल लेकर घर में भोजन भी बनाया।
गुलजार हुआ आस्था का बाजार
चैती छठ में बाजार पूरी तरह से गुलजार हो गया। शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ कार्तिक छठ की तरह उमड़ पड़ी। लोगों के वाहन प्रवेश में भी परेशानी हुई। फुटपाथ पर भी अस्थाई दुकानें सजी थी। पूजा सामग्री नारंगी, केला , अदरक , शकरकंद लोग खरीद रहे थे। बाजार में दिनभर व्रतियों और दुकानदारों में मोलभाव होती रही। फल व्यवसाई सोहेल ने बताया कि केला के दाम में इस साल केला के दाम में बढ़ोतरी हुई है। छठ पर्व को लेकर सिंगापुरी केला के दाम में सबसे अधिक उछाल आया है। बाजार समिति के दुकानदारों ने बताया कि महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण फलों के अवाक पर भी प्रभाव देखने को मिल रहा है।
नारियल के दाम में भी तेजी
नारियल कारोबारी सुनील प्रसाद ने बताया कि इस बार बाजार में नारियल के दाम में पिछले साल से दाम बढ़े हैं। सामान्य दिनों में 30 से 35 रुपया बिकने वाला नारियल 45 से 50 रुपया बिक रहा है। सूप और डलिया के दाम में भी बढ़ोतरी हुई है। 100 से 130 रुपया ज़ोड़ा बिक रहा है । महंगाई के बाद भी लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं आयी है। लोग पूजा सामग्री की खरीदारी खूब कर रहे हैं।सबसे अधिक भीड़ शाम में हो रही है। लोग मास्क लगाकर सामानों की खरीदारी कर रहे हैं।

अन्य समाचार