सर्वदलीय बैठक में जीतन राम मांझी ने किया विराेध, कांग्रेस ने कहा- सरकार सख्‍त निर्णय लें, पार्टी देगी साथ

पटना, राज्य ब्यूरो। आज शनिवार( 17 अप्रैल को राज्य सरकार द्वारा राज्‍यपाल फागू चौहान की अध्‍यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मदन मोहन झा शामिल हुए। उन्‍होंने मीडिया से कहा कि प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से फैलने कारण राज्य में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। स्थिति और न बिगड़े इसके लिए आवश्यक है नीतीश कुमार की सरकार सख्त कदम उठाए। गरीबों के हितों को ध्यान में रखते हए सरकार जो भी काम करेगी, उसमें कांग्रेस पार्टी हर सहयोग देगी। वहीं एनडीए में शामिल जीतन राम मांझी की पार्टी ने सख्‍त कदम उठाए जाने का विरोध किया है।

लॉकडाउन के विरोध में हम, जांच और सुविधाएं बढ़ें : मांझी
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने राज्यपाल के साथ सर्वदलीय बैठक में लॉकडाउन लगाने का विरोध किया। मांझी ने सुझाव दिया कि बिहार में किसी क़ीमत पर लॉकडाउन नहीं लगाया जाए। उन्होंने कहा कि हम कभी लॉकडाउन के पक्ष में नहीं हैं। लॉकडाउन से गरीब भूखे मर जाएंगे। इसकी जगह कोरोना की जांच तेज हो और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जाएं। चिकित्सकों की कमी को देखते हुए प्राइवेट चिकित्सकों की मदद ली जाए। बाहर से आ रहे मज़दूर भाइयों की जांच की जाए एवं उनको सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
सरकार ठोस कदम उठाएं
बैठक के बाद डॉ. झा ने कहा कि देश के साथ बिहार में कोरोना की वजह से हालात दिन प्रति दिन खराब होते जा रहे हैं। लेकिन संक्रमण के मामलों की जानकारी राज्य के लोगों को सही समय पर नहीं मिल रही। अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन को लेकर भी हालात बद्तर होते जा रहे हैं।
डॉ. झा ने कहा वक्त है सरकार आम लोगों के साथ अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा का ख्याल रखते हुए ठोस कदम उठाए। उन्होंने लॉकडाउन को लेकर कुछ भी नहीं कहा। ना ही पंचायत चुनाव को लेकर ही कोई बात रखी। डॉ. झा ने कहा सरकार को लोगों के बीच कोरोना से जागरूक करने के लिए भी काम करना चाहिए।

अन्य समाचार