पहली बार जिले में नए कोरोना मरीजों की संख्या दो सौ पार

हड़कंप

252 नए मरीज
सबसे ज्यादा सदर अस्पताल स्थित जांच केंद्र पर 85 पॉजिटिव मरीज मिले
शनिवार को जिले में एंटीजन किट से 1870 लोगों की करायी गयी थी जांच
फोटो- 01
कैप्शन- शनिवार को शहर स्थित रेड क्रॉस भवन में कोविड-19 की जांच करते कर्मी।
सीवान। निज प्रतिनिधि
वैश्विक महामारी कोविड-19 का संक्रमण धीरे-धीरे अब बढ़ने लगा है। जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है वैसे-वैसे संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को जिले में एंटीजन किट से कुल 1870 लोगों की जांच की गयी थी। इनमें से कुल 239 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें सबसे अधिक पॉजिटिव मरीज सदर अस्पताल स्थित जांच केंद्र पर मिले हैं। यहां मिलने वाले पॉजिटिव मरीजों की संख्या 85 है। वहीं दूसरे स्थान पर रधुनाथपुर रहा जहां कुल 32 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। दूसरी तरफ जिले में ट्रू नेट मशीन से कुल 129 लोगों की जांच की गयी। इस दौरान कुल 13 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें एक टीबी विभाग का कर्मी भी शामिल है। जबकि कुल 588 लोगों की आरएमआरआई जांच सैंपल ली गयी।
जंक्शन पर शनिवार को भी यात्रियों की जांच नहीं
स्थानीय जंक्शन पर शनिवार को भी कोविड-19 की जांच नहीं की गयी। लिहाजा ट्रेनों से यात्रा करने वाले सभी यात्री सीधे अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच गए। इनमें से अधिकतर दूसरे प्रदेशों से लौटने वाले कामगारों की संख्या देखी गयी। पिछले तीन दिनों से जंक्शन पर यात्रियों की जांच नहीं की जा रही है। यह बड़ी चूक स्वास्थ्य विभाग व स्थानीय प्रशासन के लिए गले की हड्डी साबित न हो जाए।

अन्य समाचार