महिला के बुलंद हौसले ने अपराधियों के उड़ाए होश, बदमाशों से छीनी पिस्टल

मुजफ्फरपुर जिले में एक महिला ने अपने बुलंद हौसले की बदौलत अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। काजीमुहम्मदपुर थाना क्षेत्र के आमगोला पुल के पास एक महिला अपने पति के साथ स्कूटी सीख रही थी। इस दौरान वहां बाइक सवार अपराधी पहुंचे। उन्होंने हथियार के बल पर महिला से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। 

ऐसे में महिला ने हिम्मत दिखात हुए अपने पति के साथ मिलकर अपराधियों से उनकी पिस्टल छीन ली। महिला के इस कदम से अपराधी हैरान हो गए। जब तक अपराधी महिला से भिड़ते तब तक वहां कई लोग पहुंच गए। इसके बाद अपराधी अपना हथियार छोड़कर वहां से फरार हो गए।
वहीं मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को महिला ने अपराधियों का हथियार सौंप दिया। साथ ही इस मामले में काजीमुहम्मदपुर थाने में कार्यरत पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक दंपत्ति से आमगोला पुल पर चेन छीनने की कोशिश हुई थी। लेकिन अपराधी इसमें नाकाम रहे।
महिला और उसके पति ने जब विरोध किया तो उन्होंने देशी पिस्टल निकाल ली। इसे महिला ने उनसे छीन लिया और फिर वे वहां से भाग गए। इस मामले में केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की जांच करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य समाचार