कोर्ट का आदेश मानना पुलिस टीम को पड़ा महंगा, स्थानीय लोगों ने किया पथराव

बिहार के मधुबनी जिले में अतिक्रमण खाली करवाने के लिए पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए हैं। ये मामला नीपट्टी थाना के उच्चैठ चौक का है। यहां पर कुछ लोगों ने अवैध तरीके से सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण किया हुआ था।

दरअसल, कोर्ट ने उच्चैठ गांव में दस डिसमिल सार्वजनिक जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई पान और अन्य दुकानों के अलावा घरों को हटाने का आदेश दिया था। इससे लोग काफी ज्यादा आक्रोशित थे। अतिक्रमण हटाने के लिए जब यहां पुलिसकर्मी पहुंचे तो ग्रामीणों की उनके साथ तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया।
भीड़ ने जेसीबी मशीन को भी निशाना बनाया। पथराव में कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए। वहीं अतिक्रमणकारियों की मानें तो प्रशासन आपसी मिलीभगत करके केवल कुछ लोगों पर बिना सूचना दिए कार्रवाई करना चाहता है। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में माहौल काफी खराब है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।

अन्य समाचार