निजामपुर में हिंसक झड़प में छह लोग घायल

पेज तीन के लिए

तनाव
घायलों का इलाज सीएचसी हसनपुरा में करवाया गया
एक पक्ष से शेख सलम शाह ने थाने में आवेदन दिया
हसनपुरा। एक संवाददाता
एमएचनगर थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में रविवार की सुबह दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी। इस घटना में लगभग छह लोग घायल हो गए हैं। घायलों में एक पक्ष के शेख सलम शाह, शेख सरताज, शेख आजाद व अन्य हैं। दूसरे पक्ष के शेख अलीसाज व शेख गुड्डु घायलों में शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सीएचसी हसनपुरा में करवाया गया। वहीं दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सीवान रेफर कर दिया है। इस मामले में एक पक्ष से शेख सलम शाह ने थाने में आवेदन देकर बताया है कि रविवार की सुबह वह अपने दरवाजे पर बैठा था। तभी, शेख गुड्डु, शेख इरशाद, शेख मिट्ठू, शेख पप्पु, सोहेल अंसारी, शेख अलमगीर व अन्य हाथों में लाठी, फरसा, हॉकी, हथियार लेकर पहुंचे। इसके बाद जान मारने की नीयत से सभी ने हमला कर दिया। इस दौरान सभी ने उसके सिर पर वार कर दिया। फलस्वरुप वह बेहोश होकर गिर गया। मारपीट होता देख भतीजा शेख सरताज आया तो उसे भी शेख इरशाद ने तलवार से हमला कर घायल कर दिया। इसी बीच भाई शेख आजाद हमलोग को उठाने आया तो शेख मिट्ठू ने हॉकी से सिर फोड़ दिया। वहीं अन्य अभियुक्त द्वारा लाठी, फारसा, हॉकी, चाकू से हमला किया। उसने आवेदन में शेख गुड्डु द्वारा फायर करने का मामला भी दर्शाया है। जिसकी आवाज सुन स्थानीय लोगों की पहल से मामला शांत करवाया गया। वहीं दूसरे पक्ष से घायल लोगों की तरफ से पुलिस को अभी आवेदन नहीं मिला है।

अन्य समाचार