जिले में कोरोना के कुल 243 नए मरीज मिले

अलर्ट

सबसे ज्यादा सदर अस्पताल स्थित जांच केंद्र पर 44 पॉजिटिव मरीज मिले
शुक्रवार को जिले में एंटीजन किट से 1821 लोगों की करायी गयी थी जांच
सीवान। निज प्रतिनिधि
वैश्विक महामारी कोविड-19 का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जिले में एंटीजन किट से कुल 1821 लोगों की जांच की गयी। इनमें से कुल 234 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें सबसे अधिक पॉजिटिव मरीज सदर अस्पताल स्थित जांच केंद्र पर मिले हैं। यहां मिलने वाले पॉजिटिव मरीजों की संख्या 44 है। वहीं दूसरे स्थान पर रधुनाथपुर रहा जहां कुल 43 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। दूसरी तरफ जिले में ट्रू नेट मशीन से कुल 142 लोगों की जांच की गयी। इस दौरान कुल 9 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। जबकि 273 लोगों की आरएमआरआई जांच सैंपल ली गयी।
हसनपुरा में 8 पॉजिटिव रिपोर्ट आई
हसनपुरा। प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रैपिड एंटीजन द्वारा जांच किया गया। इस दौरान 40 लोगों का सैंपल लिया गया था। इस जांच रिपोर्ट में 8 पॉजिटिव पाए गए हैं। सीवान के रामनगर से तीन में एक महिला व दो पुरुष, उसरी से एक, रजनपुरा से एक, लहेजी से एक, अरंडा से एक व नन्दामुड़ा से एक महिला शामिल है। बीडीओ डॉ. दीपक कुमार सिंह ने कहा कि सभी पॉजिटिव के घरों से 20 मीटर के दायरे में माइक्रो कंटेंटमेंट जोन बनाया जायेगा।

अन्य समाचार