हत्या के विरोध में पुलिस से मारपीट, हाथापाई, एनएच जाम

हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोगों ने थाने पर धावा बोला

भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने चटकाई लाठी, आधा दर्जन चोटिल
दो पुलिसकर्मी घायल हुए, एक का सिर फटा, दूसरे को आई चोट
रिविलगंज। संवाद सूत्र
गौतम स्थान स्टेशन के समीप समसुद्दीनपुर में पुरानी रंजिश के कारण जानबूझकर हाइवा ट्रक से कुचलकर एक गिट्टी व्यसायी मार डालने के बाद हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर लोग उत्तेजित हो गये। शनिवार को सुबह आठ बजे से ही मृतक के घर के सामने छपरा- मांझी मुख्य सड़क एन एच 19 तीन घंटे तक जाम कर दिया। नाराज लोगों ने ग्यारह बजे दिन में थाना पर धावा बोल दिया। तोड़फोड़ की और पुलिस कर्मियों से हाथापाई व मारपीट की। थानाध्यक्ष व पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। दो सिपाही घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मी में अनिल कुमार सिंह का सिर फटा जबकि अनिल कुमार को चोटें लगी। पुलिस ने तत्काल लाठियां भांज कर आक्रोशित और उपद्रवी तत्व को खदेड़ा। मृतक के एक संबंधी को गिरफ्तार किया गया।
छपरा-मांझी मुख्य सड़क को सेमरिया गांव के पास किया जाम
हाइवा ट्रक से शुक्रवार को कुचल देने के कारण हुई व्यवसायी की मौत के चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज आक्रोशित लोगों द्वारा शनिवार की सुबह फिर छपरा-मांझी मुख्य सड़क को सेमरिया गांव के पास जाम कर यातायात बाधित कर दिया। मृतक के घर के सामने एनएच-19 सड़क के बीचोंबीच ट्रैक्टर के ट्राली को रखकर यातायात अवरुद्ध कर हंगामा किया। पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार करने में शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा जा रहा था जबतक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तबतक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा और सड़क जाम रहेगा। लोग घटना स्थल पर वरीय पदाध्ियिों को बुलाने व उचित काररवाई शीघ्र करने की मांग कर रहे थे। मालूम हो कि सेमरिया पूर्वी निवासी गिट्टी व्यसायी मनोज सिंह की हत्या हाईवा ट्रक से कुचलकर शुक्रवार को की गयी थी। मनोज ने मौत से पहले अपना बयान भी वीडियों के माध्यम से दिया है। सदर अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी नहीं रहने के कारण मृतक अपना बयान नहीं दे पाया था।
थाना परिसर में जमकर हंगामा
लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ व करीब पचास-साठ की संख्या में लोग रिविलगंज थाना परिसर में जाकर हंगामा शुरू कर दिये। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने थाना परिसर में जुटे लोगों पर लाठियां चला खदेड़कर बाहर भगाया। इस दौरान आधा दर्जन लोग चोटिल भी हो गए। वहीं दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया जिसमें एक राहगीर था जो यूपी बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के फकरूराय के टोला निवासी है। वह एक श्राद्ध कर्म में आया था। करीब तीन घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। फिर यातायात व्यवस्था बहाल हुई।
छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज
मृतक के पुत्र अनिकेत सिंह द्वारा अपने पिता मनोज सिंह की हत्या हाइवा ट्रक से कुचलकर करने का आरोप लगाते हुए रिविलगंज थाना में छह लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें कामेश्वर राय उर्फ बहारन राय, अनिल राय, सुनील राय, सुशील राय, सुधांशु राय एवं धनंजय राय शामल हैं। सभी शमसुद्दीनपुर के रहने वाले हैं। मृतक के पुत्र ने जेल में सजा काट रहे दो भाइयों पर हत्या की साजिश करने का आरोप लगाया है। मालूम हो कि आरोपियों को जिस हत्याकांड में सजा हुई है उसमें मृतक ने उनके खिलाफ गवाही दी थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच पड़ताल करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
शव का अंतिम संस्कार 30 घंटे बाद हुआ
ानोज सिंह के शव का अंतिम संस्कार सेमरिया श्मशानघाट पर किया गया। बड़े पुत्र अमन कुमार सिंह के आने के बाद शनिवार की दोपहर बाद सरयू नदी स्थित मुक्ति धाम पर अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि अमन कुमार ने दी ।

अन्य समाचार