प्रखंड स्तर पर भी जिले में सामुदायिक किचन का शुभारंभ

जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू की गई नयी व्यवस्था

हिन्दुस्तान अभियान को मिला जिला प्रशासन का सहयोग
हिन्दुस्तान असर
छपरा। नगर प्रतिनिधि
लॉकडाउन में कोई भूखा नहीं रह जाए, इसके लिए जिला प्रशासन ने सामुदायिक रसोई शुरू करने का फैसला किया है। छपरा शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी निर्धन, मजदूर, नि:शक्त आदि जरूरतमंद को सुबह-शाम भोजन की फ्री में व्यवस्था के लिए सामुदायिक रसोई प्रारंभ कर दी गयी। जिलाधिकारी डॉ नीलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि आपदा प्रबंधन की ओर से सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। जिले के अधिकांश प्रखंड मुख्यालयों में यह व्यवस्था शुरू है। बाकी बचे कुछ प्रखंडों में भी जल्द ही सामुदायिक किचन की शुरुआत हो जाएगी। मालूम हो कि कोरोनाकाल व लॉकडाउन लगने के बाद मजदूरों सहित अन्य तबके के लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान ने लगातार प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। सामुदायिक किचन की शुरुआत नहीं होने के बारे में भी जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। सामुदायिक किचन शुरू नहीं होने पर लोगों की दिक्कतों के बारे में भी विस्तार से खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और समुदाय किचन की शुरुआत शहर में दो स्थानों पर की गई है। इसके बाद प्रखंड मुख्यालयों में भी सोमवार से सामुदायिक किचन शुरुआत की गयी। जिलाधिकारी डॉ नीलेश रामचंद्र देवरे के निर्देश के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक किचन की शुरुआत होने से लोगों को विपदा की इस घड़ी में काफी सहूलियत हुई है। सोशल डिस्टेंस को भी बरकरार रहने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाधिकारी के स्तर पर सामुदायिक किचन की मॉनिटरिंग की जा रही है।
15 मई तक मिलेगा दोनों वक्त का खाना
सभी केंद्रों पर फिलहाल 15 मई तक जरूरतमंद को सुबह-शाम निर्धारित समय पर भोजन उपलब्ध कराएगा जाएगा। केंद्र में बिजली, पानी, साफ-सफाई, हैंडवाश, सेनेटाइजेशन आदि की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। शारीरिक दूरी का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य होगा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों पर वरीय नोडल पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी व सहायक पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग भी प्रतिदिन सामुदायिक किचन के बारे में राज्य मुख्यालय को अवगत करा रहा है। जिलाधिकारी को भी प्रतिदिन रिपोर्ट भेजी जा रही है।

अन्य समाचार