कोरोना का घातक भारतीय वैरिएंट B.1.617 ने अब रूस में दी दस्तक, पहला मामला दर्ज

भारत में पिछले साल पहली बार सामने आया कोरोना वायरस का घातक B.1.617 वैरिएंट अब दुनियाभर में फैलता जा रहा है। भारतीय वैरिएंट ने अब रूस (Russia) में भी दस्तक दे दी है। रूस के उल्यानोस्क क्षेत्र में भारतीय वैरिएंट का पहला मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने बुधवार को कहा कि भारत में पिछले साल पहली बार सामने आया कोरोना वायरस का B.1.617 वैरिएंट 44 देशों में पाया गया है और यह वैरिएंट चिंताजनक है।

रूसी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मास्को से लगभग 700 किलोमीटर (435 मील) पूर्व में उल्यानोवस्क स्टेट यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों के बीच वैरिएंट के 16 मामले दर्ज किए हैं। वॉचडॉग के एक अधिकारी ने बताया कि छात्रों को होम क्वारंटीन में रखा गया है और उनका इलाज जारी है। उपप्रधान मंत्री तातियाना गोलिकोवा ने पहले कहा था कि देश में संस्करण के मामले दर्ज नहीं किया गया है।
कोरोना वायरस का मूल वैरिएंट पहली बार 2019 के अंतिम महीनों में चीन में पाया गया था। जबकि कोविड-19 का B.1.617 वैरिएंट सबसे पहले भारत में अक्टूबर 2020 में देखा गया। भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों और मौतों ने इस वैरिएंट की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। WHO द्वारा भारत में स्थिति के हालिया आकलन में भारत में कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ने और तेज होने में कई कारकों का योगदान होने की आशंका जताई गई है।
हालांकि, कोरोना वायरस के नए वैरिएंट को भारतीय वैरिएंट कहे जाने को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपने दस्तावेज में इस वैरिएंट के लिए भारतीय शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। मंत्रालय ने निराधार और बेबुनियाद मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया जिसमें B.1.617 वैरिएंट के लिए भारतीय वैरिएंट का उपयोग किया है। WHO ने यह भी कहा कि वह वायरस या वैरिएंट की पहचान उन देशों के नामों के साथ नहीं करता है, जहां यह सबसे पहले पाया गया है।
WHO दक्षिण-पूर्व एशिया ने एक ट्वीट में कहा कि हम उनके वैज्ञानिक नामों से उनका उल्लेख करते हैं और सभी से अनुरूपता के लिए ऐसा करने का अनुरोध करते हैं। WHO में कोविड-19 तकनीकी प्रमुख डॉ. मारिया वान केरखोव ने सोमवार को कहा था कि भारत में पहली बार पहचाने गए वायरस के B.1.617 वैरिएंट को वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook ( https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/ ) और Twitter ( https://twitter.com/MoneycontrolH ) पर फॉलो करें।

अन्य समाचार