Jabalpur News: लाकडाउन में फिर बढ़ गए आनलाइन ठगी के मामले

जबलपुर, नईदुनिया रिपोर्टर। लाकडाउन के कारण बाजार बंद होने से लोगों को अपनी जरूरतों का सामान आनलाइन ही मंगवाना पड़ रहा है। ऐसे में एक बार फिर लाकडाउन के कारण आनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में इजाफा हुआ है। आनलाइन लोगों से पैसे की मांग करने और आनलाइन शॉपिंग के दौरान लोगों के साथ ठगी की जा रही है। एक तरफ लोग परिस्थितियों का फायदा उठाकर आइडी हैक कर सगे संबंधियों से रुपयों की मांग कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ आनलाइन शॉपिंग के लिए कई फर्जी वेबसाइट काम कर रही हैं। जिसमें ग्राहकों को कैश आन डिलीवरी का विकल्प ही नहीं दिया जा रहा है। इस तरह से लोग सामान खरीदने के लिए पहले ही पैसे ट्रांसफर कर रहे हैं। इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं। लोगों को इस दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। आनलाइन खरीदी करते समय छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें।

नए यूजर भी कर रहे आनलाइन खरीददारी : कोरोना संक्रमण के चलते लोग घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। अपने घर से ही आनलाइन शॉपिंग कर रहे हैं। कई लोग बिना अनुभव के ही आनलाइन शॉपिंग कर रहे हैं। कई नए यूजर भी इन दिनों आनलाइन खरीदी में अपना रुझान दिखा रहे हैं। इसमें बच्चे व महिलाएं शामिल हैं। जो किसी भी लिंक या वेबसाइट पर जाकर खरीदी करने के चलते ठगी का शिकार हो रहे हैं। यही लोग सायबर ठगी का आसानी से शिकार हो रहे हैं। लाकडाउन के चलते इंटरनेट मीडिया पर लोगों की सक्रियता भी बढ़ गई है। जिसके कारण इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं।
नकली वेबसाइट, वेब पेज : आइटी एक्सपर्ट राजीव वर्मा ने बताया कि लोग ज्यादातर तकनीकी सुख-सुविधाओं के साथ जी रहे हैं। कई सारी जानकारियां उन्हें आनलाइन के जरिए मिल जाती हैं। जिस पर वे प्रयोग करते हैं। लोगों की सक्रियता और समय व्यतीत करने के लिए इंटरनेट मीडिया का सहारा लेना भी ठगी का एक बड़ा कारण है। जो लोग तकनीकी रूप से समझदार हैं वे नकली वेबसाइट और वेब पेज बनाकर लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। वे शॉपिंग के लिए कई आकर्षक ऑफर्स देते हैं। जिससे बच्चे व महिलाएं आकर्षित होकर ट्रांजेक्शन करते हैं। बाद में सामान नहीं आता, तब शिकायत दर्ज कराते हैं। इस तरह के मामलों से लोगों को बचना चाहिए। जो सही शॉपिंग साइट होती है वे कैश आन डिलीवरी का विकल्प जरूर देती हैं।

अन्य समाचार