अब भारत में ले सकेंगे कोरोना वैक्सीन मॉडर्ना-फाइजर की खुराक, जानें कब आ रही खेप

नई दिल्ली, प्रेट्र। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि अगले साल तक मॉडर्ना (Moderna) अपने सिंगल डोज वाली वैक्सीन को भारत में लॉन्च कर देगा। इसके लिए सिप्ला ( Cipla) व अन्य भारतीय कंपनियों के साथ वार्ता जारी है। साथ ही एक अन्य अमेरिकी दिग्गज फाइजर (Pfizer) इसी साल भारत को 5 करोड़ वैक्सीन देने को तैयार है।

कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि तीसरी लहर के चपेट में बच्चे आएंगे जो बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। मॉडर्ना ने भारतीय अधिकारियों से कहा है कि इसके पास वैक्सीन की इतनी खुराकें नहीं हैं कि अभी वो शेयर कर पाए। पिछले सप्ताह कैबिनेट सेक्रेटरी की अध्यक्षता में दो बार उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में वैश्विक स्तर पर कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर विचार विमर्श किया गया। साथ ही कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चपेट में आए देशों के लिए वैक्सीन तुरंत उपलब्ध कराने पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया।
वर्तमान में भारत में विकसित कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड (Covishield) और कोवैक्सीन (Covaxin) का इस्तेमाल किया जा रहा है। देश में 16 जनवरी से विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ और जिसके जरिए अब तक 20 करोड़ से अधिक लोगों को खुराक दी जा चुकी है। रूसी कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक वी ( Sputnik V) को भी भारत में इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए मंजूरी मिल चुकी है और फिलहाल छोटे पैमाने पर इसकी खुराकें भी लोगों को दी जा रही है।
विदेश मंत्रालय, नीति आयोग, बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट, कानून मंत्रालय व स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें यह चर्चा की गई की 2021 में वैक्सीन देने के लिए मॉडर्ना के पास स्टॉक नहीं है इसलिए 2022 तक यह भारतीय बाजारों में आ सकेगी। इसके लिए सिप्ला समेत अन्य भारतीय कंपनियों के साथ बातचीत जारी है। यह बताया गया कि सिप्ला ने पहले ही 2022 के लिए मॉडर्ना से 5 करोड़ वैक्सीन के लिए डील कर ली है और केंद्र सरकार से इसपर स्वीकृति का आग्रह भी किया है।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार