युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

पूर्णिया। केनगर थाना क्षेत्र के काझा कोठी पोखर से दक्षिण स्थित सूने घर में शुक्रवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव उसके ही नव निर्मित मकान के एक कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक युवक का नाम सुजीत कुमार बताया जाता है। मृतक काझा हरिपुर निवासी अशोक साह का पुत्र था। मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें हरिपुर गांव की एक लड़की का जिक्र किया गया है। सुसाइड नोट में मृतक ने लड़की के साथ प्रेम संबंध होने से इनकार किया है। सुसाइड नोट में लिखा गया है कि एक दिन घर जाते समय बाइक से उस लड़की को हल्की ठोकर लग गयी थी। ठोकर लगने के बाद कहा सुनी होने पर गु्स्से में सुजीत ने लड़की को थप्पड़ जड़ दिया था। इसके बाद लड़की का मामा हरिपुर पासवान टोला निवासी अरूण पासवान उसपर जबरन एक तरफा प्रेम का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट किया तथा इस मामले को खत्म करने के लिए एक लाख रूपये मांगा था। सुसाइड नोट में अंत में लिखा गया है कि जैसी मौत मैंने चुना वैसा कोई भी लड़का नहीं चुने। सूचना पर केनगर थाना पुलिस घटना स्थल पहुंची और शव तथा सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया। यद्यपि पुलिस को पहुंचने में हुए विलंब से आक्रोशित लोगों ने पूर्णिया-धमदाहा स्टेट हाईवे को शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे कुछ समय के लिए जाम कर दिया था। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इधर मृतक के घर कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मझुआ घटना के दोषी पुलिस पदाधिकारी के रहते निष्पक्ष जांच नहीं है संभव यह भी पढ़ें
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार