सड़क पर गेहूं सूखाना पड़ा महंगा, पांच चढ़े पुलिस के हत्थे

संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल): पूर्वी कोसी तटबंध पर बने सीमा सुरक्षा सड़क पर गेहूं सुखाने के आरोप में भपटियाही थाना पुलिस ने शुक्रवार को 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में लालदेव मेहता, शंकर कुमार शर्मा, अमोद कुमार, संजय कुमार, श्याम सुंदर का नाम शामिल है। ये सभी लोग सीमा सुरक्षा सड़क पर गेहूं सुखा रहे थे। भपटियाही थानाध्यक्ष राघव शरण ने बताया नेशनल हाईवे और पूर्वी कोसी तटबंध पर कहीं भी मक्का सहित अन्य फसल सुखाने से दुर्घटना की बराबर आशंका बनी रहती है। उसे देखते हुए किसानों को बार-बार आगाह किया जा रहा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि चेतावनी के बावजूद लोग सीमा सुरक्षा सड़क पर मकई सुखाते पाए गए। वैसे सभी लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि दस-दस हजार के बांड पर उन लोगों को छोड़ा गया है तथा कहा गया है कि अगर दोबारा सड़क पर फसल सुखाते पाए गए तो बड़ी कार्रवाई होगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि सीमा सुरक्षा सड़क के अगल-बगल बसे लोगों को एक बार फिर चेतावनी दी जा रही है कि कोई भी व्यक्ति सड़क पर फसल सुखाने का प्रयास नहीं करें। पकड़े जाने पर उसे जेल भी भेजा जा सकता है।


शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार