महादलित टोला तक नहीं पहुंची है अभियान की लौ

जमुई। आम लोगों में टीकाकरण को लेकर फैली अफवाहों और भ्रांतियों से टीकाकरण प्रभावित हो रहा है। लिहाजा शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू किया गया। पदाधिकारी से लेकर कर्मी तक डोर टू डोर जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने लगे।

इससे टीकाकरण की रफ्तार बढ़ी, लेकिन समय के साथ एक बार फिर टीकाकरण को लेकर प्रखंड में चलाया जा रहे जागरूकता अभियान की रफ्तार मंद पड़ने लगी है। आलम यह है कि प्रखंड मुख्यालय से सटे महादलित टोला में जागरूकता अभियान को लेकर अब तक न तो कोई पदाधिकारी पहुंचे हैं और न ही कर्मी। सोनो पंचायत के इस महादलित टोला की आबादी तकरीबन सात सौ है और टीकाकरण के लिए योग्य लाभुकों की संख्या चार सौ के करीब है। पर कम साक्षरता वाले इस टोले में अब तक बमुश्किल तीन से चार लोगों ने ही टीकाकरण कराया है। मजदूरी कर गुजर बसर करने वाले यहां के लोगों को प्रशासन ने इस महामारी में इनके हाल पर छोड़ दिया है। ऐसे में प्रखंड में टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करना संभव नहीं दिखता है।

--
टीकाकरण को लेकर फैली है भ्रांति
टीकाकरण को लेकर प्रखंड मुख्यालय के इस महादलित टोला में गलत अवधारणाएं और भ्रांति फैली है। लिहाजा यहां के लोग टीकाकरण में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। झुनिया देवी, दयमंती देवी, कारी देवी, टुनील मांझी, कालेश्वर मांझी, रेवा मांझी, सोनिया देवी, चंपा देवी टीकाकरण को लेकर कहती है कि सुईवा नाय लेवो। सुईवा लैला से मन खराब हो जेते। आदमी मरियो जाय है। बहरहाल, यहां के लाभार्थियों को जागरूक किए जाने एवं आम लोगों के बीच टीकाकरण को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए टीकाकरण अभियान के आच्छादन को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।
--
कोट
टीकाकरण को लेकर प्रखंड में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महादलित टोला, इससे कैसे वंचित रहा, इसकी समीक्षा की जाएगी। यहां के लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ममता प्रिया, बीडीओ, सोनो
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार