धर्म परिवर्तन कर प्रेमी संग की शादी, अब देह व्यापार का बना रहे दबाव

किशनगंज। प्रेमपाश में बंधकर प्रेमी के साथ शादी करने के लिए एक मैंने अपना धर्म परिवर्तन कर इस्लाम धर्म कबूल कर लिया। अब पति और ससुराल वाले दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे हैं। दहेज नहीं देने पर उसे देहव्यापार करने के लिए मजबूर करने लगे हैं। उसने ऐसा घिनौना कृत्य करने से इन्कार किया तो ससुराल वालों ने उसे आत्महत्या करने के लिए उकसाया और फिर मारपीट कर घर से निकाल दिया।

यह कहना है कोचाधामन थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता का। अपने साथ हुई घटनाओं से हैरान और परेशान होकर वह न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंची थी। यहां पीड़िता की दर्द भरी दास्तां को सुनकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। पीड़िता के लिखित शिकायत के बाद महिला थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

महिला थाना में दिये गए आवेदन के अनुसार पीड़िता पहले गैर मुस्लिम थी। इस बीच कोचाधामन थाना क्षेत्र के अनारकली गांव निवासी फरहान मदनी ने उसे प्रेमजाल में फांस लिया। फरहान से शादी करने के लिए उसने इस्लाम धर्म अपनाया और पांच वर्ष पूर्व फरहान के साथ इस्लामी रीति-रिवाज से शादी कर ली। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा। इस बीच वह एक बच्चे की मां भी बन गई। इधर बीते छह माह से पति और ससुराल वाले एक बाइक और एक लाख रुपये दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे हैं। इतना ही नहीं पति देहव्यापार कर रुपये लाने के लिए मजबूर करने लगा ताकि देहव्यापार की कमाई से वह मौज-मस्ती कर सके।
पीड़िता के मुताबिक चूंकि पीड़िता के मायके वालों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे दहेज की मांग को पूरा कर सकें और देह व्यापार में शामिल होना उसे कतई मंजूर नहीं। नतीजतन पति और ससुराल वाले उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आत्महत्या के लिए भी उकसाया। इसके बावजूद भी वह ससुराल वालों के सारे जुल्म और सितम चुपचाप सहती रही। गत नौ जून को एकबार फिर से पति और ससुराल वाले दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। जिसका विरोध करने पर पति ने बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी और घर से निकाल दिया।
महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में मामला सत्य पाये जाने पर आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार