वैक्सीन की किल्लत ने सोनो में टीकाकरण अभियान पर लगाया ब्रेक

जमुई। वैक्सीन की किल्लत से सोनो में टीकाकरण अभियान की रफ्तार मंद पड़ गई है। आलम यह है कि बीते एक सप्ताह से सोनो के किसी भी टीकाकरण केंद्र पर टीकाकरण नहीं हो रहा है। लिहाजा टीकाकरण के लिए आए लोगों को टीकाकरण केंद्रों से निराश होकर लौटना पड़ रहा है।

कोरोना की दूसरी लहर में प्रखंड मुख्यालय सहित सुदूरवर्ती इलाका भी काफी प्रभावित हुआ था। अब कोरोना की रफ्तार थमी है। देश भर में कोरोना की दूसरी लहर के बीच सरकार वैक्सीनेशन पर जोर दे रही है लेकिन वैक्सीन की कमी टीकाकरण पर ब्रेक लगा रही है। सोनो में 25 जनवरी से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई थी। प्रारंभ में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद यहां टीकाकरण अभियान ने जोर पकड़ा। प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का भी असर दिखना शुरू हो गया था, लिहाजा जो लोग प्रारंभ में अफवाह और भ्रांतियों के कारण टीका लेने से कतरा रहे थे। वे भी अब टीकाकरण के लिए आगे आने लगे थे, लेकिन तकरीबन एक सप्ताह से टीके की किल्लत ने मानो इस अभियान पर एकाएक ब्रेक लगा दिया है।

--
अब तक 23,989 लोगों का हुआ टीकाकरण
प्रखंड में 25 जनवरी को टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई और पांच माह में अब तक 23,989 लोगों का ही टीकाकरण हुआ है। इनमें 21,784 लोगों को फ‌र्स्ट डोज और 2205 लोगों को सेकंड डोज दिया गया है। 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण होना है। प्रखंड में इसकी आबादी दो लाख के करीब होगी। अगर इसी रफ्तार से टीकाकरण हुआ तो पूरी आबादी को आच्छादित करने में दो साल से अधिक का समय लग जाएगा।
--
आज से होगा वैक्सीनेशन
बीते एक सप्ताह से वैक्सीन की किल्लत से रुका अभियान शुक्रवार से फिर से शुरू होगा। टीकाकरण केंद्रों पर 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इस बाबत प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक जूही अल्का ने बताया कि जिला से टीका उपलब्ध हो गया है। शुक्रवार से फिर टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की है।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार