अमिताभ-शाहरुख की राह पर Ranveer Singh, क्विज शो से टीवी पर डेब्‍यू कर पूछेंगे सवाल और बदलेंगे तकदीर

Ranveer Singh Tv Debut from The Big Picture: सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन और शाहरुख खान के बाद रणवीर सिंह भी टीवी पर डेब्‍यू करने वाले हैं। अमिताभ और शाहरुख की तरह रणवीर भी क्विज शो होस्‍ट करने की तैयारी में है। कलर्स चैनल ने रणवीर सिंह के टीवी डेब्‍यू का खुलासा कर दिया है। कलर्स ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए हैं। इन सभी पोस्ट में जानकारी दी जा रही है कि बॉलीवुड के लोकप्रिय कलाकर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) जल्द ही छोटे पर्दे पर डेब्यू करने को तैयार हैं। कलर्स के क्विज शो 'द बिग पिक्चर' को रणवीर सिंह होस्ट करने वाले हैं।

लर्निंग ऐप, बायजूज द्वारा प्रस्‍तुत इस क्विज शो में रणवीर सिंह कंटेस्‍टेंट से टेढ़े-मेढ़े सवाल पूछेंगे। रणवीर सिंह ने खुद भी अपने टेलीविजन डेब्यू के बारे में बात की है। रणवीर ने कहा, 'एक कलाकार के रूप में मेरी जर्नी में प्रयोग करने और एक्सप्लोर करने की ललक हर समय रही है। बॉलीवुड ने मुझे सब दिया और ये मेरे लिए एक एक्‍टर के रूप में अपने टैलेंट को एक्‍सप्‍लोट करने का सबसे अच्‍छा मौका है। मुझे भारत के लोगों से अपार प्यार मिला है और उम्‍मीद है आगे भी मिलेगा।'
कलर्स ने इंस्‍टाग्राम पर पोस्‍टर साझा करते हुए लिखा- अब दिल धडकेगा, सीटियां बजेगी क्‍योंकि आ रहे हैं रणवीर, टीवी पर अपना रंग जमाने। तस्‍वीर से आपकी तकदीर बदलने आ रहे हैं रणवीर। इसके बाद कई वीडियो और रणवीर का फर्स्‍ट लुक साझा किया गया।
बता दें कि रणवीर सिंह आखिरी बार फिल्‍म गली बॉय में नजर आए थे। इस फ‍िल्‍म में आलिया भट्ट उनके अपोजिट नजर आई थीं। अब रणवीर सिंह जल्द ही कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म '83' में दिखाई देंगे। इस फिल्म में रणवीर सिंह भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव की भूमिका में नजर आने वाले हैं। यह फ‍िल्‍म काफी समय से रिलीज का इंतजार कर रही है। इस फ‍िल्‍म में उनकी पत्‍नी दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगी। इस फिल्म के अलावा रणवीर सिंह 'सर्कस' की शूटिंग में भी व्यस्त हैं।

अन्य समाचार