विभिन्न कोषांग व प्रखंड के वरीय पदाधिकारी की हुई नियुक्ति

खगड़िया। जिले में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सरगर्मी तेज हो चुकी है। हर स्तर से हर तरह की तैयारी की जा रही है। पंचायत चुनाव के सफल संचालन के लिए डीएम आलोक रंजन घोष के निर्देश पर निर्वाचन प्रक्रिया की समाप्ति तक के लिए अलग-अलग विभिन्न 16 कोषांगों का गठन किया गया है। प्रत्येक कोषांग में एक वरीय पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। वही कोषांग को सुचारू तरीके से संचलन के लिए प्रत्येक कोषांग में अलग-अलग पदाधिकारियों को भी तैनात किया गय है। प्रत्येक कोषांग को कई सहायक अधिकारी भी दिए गए हैं। कोषांगों के कार्य आवंटन में किसी भी तरह का संदेह होने पर संबंधित वरीय प्रभारी पदाधिकारी को इसका निदान करने का निर्देश दिया गया है। डीएम स्तर से अधिकारियों को कहा गया है कि आपसी तालमेल के साथ समन्वय बनाते हुए अपने कोषांग से संबंधित जवाबदेही का निर्वहन करेंगे। किसे मिला किस कोषांग का प्रभार कार्मिक कोषांग के साथ ईवीएम कोषांग का वरीय पदाधिकारी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भूपेंद्र प्रसाद यादव को बनाया गया है। प्रशिक्षण कोषांग डीडीसी अभिलाषा शर्मा, बज्रगृह मतगणना, व प्रेक्षक कोषांग के वरीय प्रभार में भूपेंद्र प्रसाद यादव रहेंगें। मतपत्र प्रबंधन कोषांग, वाहन प्रबंधन, व सामग्री प्रबंधन कोषांग के वरीय प्रभारी एडीएम शत्रुंजय मिश्रा रहेंगे। जिला पंचायत निर्वाचन कोषांग के वरीय पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा रहेंगी। विधि व्यवस्था, पुलिस बल एवं आदर्श आचार संहिता के साथ निर्वाचन व्यय लेखा अनुश्रवण कोषांग, मीडिया एवं जिला संचार योजना कोषांग एवं हेल्पलाइन व शिकायत एवं समाधान अनुश्रवण कोषांग के वरीय पदाधिकारी भी शत्रुंजय कुमार मिश्रा ही रहेंगे। मीडिया एवं जिला संचार योजना कोषांग नोडल प्रभारी, आनंद प्रकाश रहेंगे। आईटी व कंप्यूटर वीडियो ग्राफी एवं डिजिटल कैमरा वेबकास्टिग प्रबंधन कोषांग, कार्मिक कल्याण प्रबंधन एवं बेसिक मिनिमम फैसिलिटी कोषांग के वरीय अधिकारी डीडीसी रहेगें। प्रखंड के नियुक्त वरीय अधिकारी खगड़िया सदर प्रखंड के वरीय अधिकारी मु. नवाजिश अख्तर, अपर अनुमंडल पदाधिकारी, अलौली प्रखंड के वरीय अधिकारी भूमि सुधार उप समाहर्ता जनक कुमार, मानसी प्रखंड के वरीय उप समाहर्ता टेश लाल सिंह, गोगरी प्रखंड के वरीय उप समाहर्ता राजन कुमार,परबत्ता प्रखंड के अपर अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी चंद्र किशोर सिंह, चौथम प्रखंड के वरीय उप समाहर्ता राज ऐश्वर्या श्री, बेलदौर प्रखंड के भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार वरीय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जो प्रखंडों में निर्वाचन से संबंधित कार्यों का पर्यवेक्षण एवं मूल्यांकन कर प्रतिवेदन समर्पित करने का कार्य करेंगे।


अन्य समाचार