अब ब्लड बैंक, पेट्रोल पंप और नजदीकी मार्केट की जानकारी देगा Umang App, जानिए कैसे करें इस्तेमाल

Umang App Update: भारत सरकार के उमंग ऐप में अब यूजर्स को नजदीकी ब्लड बैंक्स, पेट्रोल पंप्स और स्थानीय मार्केट्स की जानकारी भी मिलेगी। इसके साथ ही मैपमायइंडिया मैप्स की मदद से कई तरह के अलर्ट्स भी दिए जाएंगे। दरअसल, उमंग ऐप में मैपमायइंडिया का इंटीग्रेशन किया गया है। इस वजह से यूजर्स को कई नए फीचर्स मिलने वाले हैं। उमंग ऐप में किए गए इन बदलावों के बारे में मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ने जानकारी दी है।

अब इस एक सिंगल प्लैटफॉर्म ऐप के जरिए यूजर्स को नजदीकी लोकेशंस से जुड़ी जानकारी डीटेल में मिलेगी। भारत में तैयार किए गए मैपमायइंडिया मैप्स के जरिए यूजर्स को बेहतर तरीके से विलेज-लेवल मैप्स दिखाई देंगे। यूजर्स अपने आसपास मौजूद छोटे बाजारों से लेकर ब्लड बैंक्स और जन सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों की भी जानकारी भी इस ऐप के जरिए हासिल कर सकेंगे। अब तक उमंग ऐप के जरिए आधार, डिजिलॉकर और पेगॉव जैसी सेवाओं को ऐक्सेस किया जा सकता था।
उमंग ऐप पर मिलेंगी नए फीचर्स
उमंग ऐप और मैप माई इंडिया का इंटीग्रेशन होने से यूजर्स को नेविगेशन के दौरान यातायात और सड़क सुरक्षा अलर्ट बेहतर तरीके से मिलेंगे। इसके अलावा स्थानों के लिए ड्राइविंग दूरी, दिशानिर्देश और समय-समय पर आवाज और दृश्य के जरिए दिशानिर्देश भी मिलेंगे।
मेरा राशन
मैप माई इंडिया के नक्शे पर पॉइंटर्स के रूप में उचित मूल्य की दुकानें दिखाई देती हैं। इस वजह से अब आप उमंग ऐप के जरिये नजदीकी 'उचित मूल्य की दुकान' भी पता कर सकेंगे और उसके पास तक जाने के लिए रास्ता भी जान पाएंगे। इसके साथ ही आप मंडी नियर मी' सेवा के जरिए अपने आसपास मौजूद मंडियों के बारे में पता कर सकते हैं।
दामिनी लाइटनिंग अलर्ट
'दामिनी लाइटनिंग अलर्ट' सेवा यूजर्स को आसमानी बिजली से बचने में मदद करेगी। यह सेवा आसपास के क्षेत्रों का दृश्य दिखाकर बिजली गिरने की चेतावनी देती है और उन जगहों के बारे में बताती है, जहां पिछले कुछ मिनटों में बिजली गिरी है। यह फीचर बिजली गिरने की संभावना वाले स्थानों के बारे में भी बताता है।
क्या है उमंग ऐप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में उमंग ऐप की शुरुआत की थी। यह ऐप भारत सरकार का एकल, एकीकृत, सुरक्षित, मल्टी चैनल, मल्टी प्लैटफॉर्म और मल्टी सर्विस मोबाइल ऐप है, जो कई भाषाओं में उपलब्ध है। यह ऐप उच्च प्रभाव वाली सेवाओं और विभिन्न संगठन तक पहुंच प्रदान करता है।

अन्य समाचार