भगवान सिंह कुशवाहा की फिर हुई JDU में वापसी, ललन सिंह की मौजूदगी में ली पार्टी की सदस्यता

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) छोड़कर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) से उम्मीदवार रहे जगदीशपुर के पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाहा की आज घर वापसी हो गई।जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और पार्टी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की मौजूदगी में यहां शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पूर्व मंत्री भगवान कुशवाहा ने पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। इसके बाद उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई। जदयू में कुशवाहा के फिर से शामिल होने को उनकी घर वापसी मानी जा रही है। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि भगवान सिंह कुशवाहा लंबे समय तक हम लोगों के साथ ही रहे हैं। घर में भी लोग कभी-कभी नाराज हो कर चले जाते हैं। उन्होंने कुशवाहा से कहा कि अब रूठ कर कहीं नहीं जाइएगा और अब यहीं जदयू में ही रहिएगा।राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वह एक-एक जिले के सभी साथियों को चिन्हित कर उन्हें पटना बुलाकर विमर्श करेंगे। सभी पुराने साथी से सलाह ली जाएगी। किसी की पसंद नापसंद के कारण किसी को दरकिनार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह अपने सभी अधिकारों को विकेंद्रित करेंगे। जदयू एक नंबर की पार्टी तभी बनेगी जब तक वर्ष 2010 का मापदंड नहीं कर लेते। सभी को खून-पसीना लगाकर पार्टी को नंबर एक बनाना है।

अन्य समाचार