आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई की रस्म

बेगूसराय। मातृ-शिशु मृत्युदर में कमी लाने के उद्देश्य व गर्भवती माताओं को कुपोषण से बचाने के लिए जिला के विभिन्न प्रखंडों में गर्भवती महिलाओं का गोद भराई कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित किए गए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की देखभाल को लेकर कई जानकारियां भी दी गई। गोद भराई का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था के दिनों में बेहतर पोषण की जरूरत के बारे में गर्भवती महिलाओं को अवगत कराना है। माता एवं गर्भस्थ शिशु के बेहतर स्वास्थ्य एवं प्रसव के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं में कमी लाने के लिए गर्भवती के साथ परिवार के लोगों को भी अच्छे पोषण पर ध्यान देना चाहिए। बेहतर पोषण एक स्वस्थ बच्चे के जन्म में सहायक होने के साथ गर्भवती महिलाओं में मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी भी लाता है।

मंसूरचक : प्रखंड क्षेत्र की बहरामपुर पंचायत के नैयपुर राम टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 40 पर गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। मौके पर एल एस रेणु कुमारी ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान आहार में प्रोटीन, विटामिन, कार्बोहाइड्रेड के साथ वसा की भी मात्रा का होना जरूरी होता है। इसमें सेविका सोनी कुमारी, सहायिका सुनैना देवी, शामिल हुईं।
चेरिया बरियारपुर : प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर शनिवार को गोद भराई रस्म का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के बाद महिलाओं और बच्चों की देखभाल के लिए विस्तृत जानकारियां दी गई। मौके पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रत्ना कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका आरती सिन्हा, श्रुर्ति ऋचा, राजलक्ष्मी और पारस कुमार, दीपक मिश्रा,आंगनबाड़ी सेविका, जीविका समूह की महिला, एएनएम, आशा सहित लाभार्थी उपस्थित थे।
मंझौल : अनुमंडल मुख्यालय मंझौल के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 151 सिवरी पर मंझौल पंचायत चार की सेविका के द्वारा ग्रामवार्ता और गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीटीओ दीपक मिश्रा और महिला पर्यवेक्षिका श्रुति ऋचा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को जैसे ही गर्भ का पता चले उन्हें अतिशीघ्र रजिस्ट्रेशन कराना है। टीकाकरण, आइरन, कैल्सियम का सेवन जैसे हरा पत्तेदार साग- सब्जी, मांस, मछली, दूध, दही, दलहन पदार्थ का भरपूर मात्रा में सेवन करने के साथ साथ प्रसव पूर्व कम से कम चार जांच नियमित रूप से कराने की भी सलाह दी गई।

अन्य समाचार