मुजफ्फरपुर, जासं। जिला समेत पूरे उत्तर बिहार में आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। नौ अगस्त के बाद वर्षा की संभावना में वृद्धि होगी। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा के मौसम विभाग द्वारा शनिवार को जारी बुलेटिन में यह बात कही गई है। इस अवधि में तराई क्षेत्र में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मैदानी भाग में कहीं-कहीं हल्की वर्षा का अनुमान है। नौ अगस्त के बाद वर्षा की संभावना में वृद्धि हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 90 फीसद, दोपहर में 60 से 70 फीसद रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 08 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अगले दो -तीन दिनों तक पुरबा हवा चलेगी। इसके बाद पछिया हवा चलने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मुजफ्फरपुर जिले में बारिश का दौर जारी है। कमोबेश हर रोज बारिश हो रही है। दिन में टिप-टिप बूंदाबांदी हो रही तो देर रात झमाझम बारिश हो रही है। दिन में मौसम लगभग साफ रहा। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई, लेकिन देर रात अच्छी बारिश हुई।