Bhabhua Road Accident: मोहनियां से कोविड वैक्‍सीन लगवा घर लौट रहे दंपति की कार पेड़ से टकराई, मौत

रामगढ़ (कैमूर), संवाद सूत्र। रामगढ़ में बने केंद्र पर बढ़ती भीड़ के कारण मोहनियां जा कर टीका लगवा कर लौट रहे गोड़सरा के दंपती की जिंदगी समाप्त हो गई। मोहनियां से गांव गोड़सरा लौटने के क्रम में अनियंत्रित स्कार्पियो मोहनियां-रामगढ़ पथ पर पतेलवां गांव के स्टैंड के समीप पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्‍त थी कि स्‍कॉर्पियों के परखच्‍चे उड़ गए। दुर्घटना में वाहन पर सवार दंपती दीपू पासवान व उनकी पत्‍नी सुनीता देवी की मौत मौके पर हो गई। जबकि इसमें सवार दीपू की भाभी रूक्मिणी देवी तथा सुदामा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आनन-फानन में लोगों ने मोहनियां अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। हालत गंभीर देख दोनों घायल लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया गया।

इस घटना की खबर सुनते ही गोड़सरा गांव में कोहराम मच गया। पुरी बस्ती में लोगों की चीख पुकार शुरू हो गई। दीपू व उसकी पत्नी अपने पीछे एक पुत्र हिमांशु पांच वर्ष तथा पुत्री अर्पिता कुमारी छह वर्ष को छोड़ कर दुनिया से चले गए। पति-पत्नी की मौत से सेवानिवृत्त एचएम मां शारदा देवी व पिता नथुनी पासवान का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। गांव में उनके आवास पर सांत्‍वना देनेवाले लोगों का तांता लगा हुआ है। भीषण दुर्घटना में परिवार के आधे सदस्य वाराणसी तो आधे परिवार के लोग शव के अंतिम संस्कार को करने में लगे हैं। काल कैसे इस परिवार पर टूट कर आया वह शनिवार को देखने को मिला।
कोरोना का वैक्सीन लगवाने के लिए सभी लोग रामगढ़ की बजाए मोहनियां चले गए। वहां दीपू का ससुराल भी है। सभी लोग वैक्सीन लगवा कर स्कार्पियो से घर लौट रहे थे। गाड़ी दीपू स्वयं चला रहा था। पत्नी सुनीता देवी आगे की सीट पर ही बैठी थी। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ में टकरा गई। इसके कारण दंपती की मौत मौके पर ही हो गई।

अन्य समाचार