भागलपुर में गंगा का कहर, रोड पर बह रहा दो से तीन फीट पानी, सबौर और नाथनगर इलाके में स्थिति भयावह

संवाद सहयोगी ,भागलपुर। गंगा का जलस्‍तर लगातार बढ़ते जा रहा है। इससे भागलपुर के कई क्षेत्रोंं में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सबौर के राजपुर-मूरहन पथ में कई जगहों पर दो फीट से ज्यादा पानी चल रहा है। तकरीबन एक से डेढ़ किलोमीटर सड़क पर बाढ़ का पानी बह रहा है। जिसके कारण आवागमन ठप हो गया है।

इसके साथ ही गंगा का पानी सबौर के शंकरपुर पुल के दक्षिणी क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है। इससे घोघा नदी लबालब हो गई है। इससे दक्षिणी क्षेत्र की 50 हजार की आबादी प्रखंड मुख्‍यालय से कट गई है। इतना ही नहीं वर्षों बाद राजपुर - मुरहन पथ का कायाकल्प हो रहा था। लेकिन बाढ़ के कारण जगह जगह पथ बह गया है। दक्षिण क्षेत्र के लोगों को सबौर प्रखंड मुख्‍यालय आने के लिए गोराडीह के रास्ते घूम कर आना पड़ेगा। उधर दो विधानसभा को जोड़ने वाली जमसी-सबौर पथ पर भी बाढ़ का पानी बह रहा है। इस सड़क पर कई जगहों पर तीन फीट तक बाढ़ का पानी बह रहा है।

बाढ़ का कहर,नाथनगर दियारा के 50 हजार लोग प्रभावित
संस,नाथनगर : बीते दो तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि के कारण नाथनगर प्रखंड में बाढ़ का कहर लोग झेलने को विवश हो गए।अब तक लोग 50 हजार लोग बुरी तरह प्रभावित हो ऊंचे स्थान पर शरण ले ली। आधी आबादी अभी भी गांव के ऊंचे स्थानों पर ही फंसे हुए हैं। उनको वहां से निकालने कि अब तक कोई सरकारी व्यवस्था नहीं है।
ऊंचे स्थानों पर ले रहे हैं शरण
बैरिया और शंकरपुर पंचायत के लगभग दर्जन भर गांव के लोग जान जोखिम में डालकर किसी तरह ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं। जहां शरणस्थली लोगो ने बनाया है वहां बिजली,पानी , शौचालय की घोर संकट है।पशुओं को चारा नहीं मिल पा रहा है।कुछ लोग कमर भर से उपर पानी में तैरकर किसी तरह पशुओं का जान बचाने के लिए चारा का इंतजाम करने में लगे हुए हैं।
लाखों रुपए की सब्जी फसल हुई बर्बाद
उक्त दो पंचायतों में सब्जी की बड़े पैमाने पर खेती होती है और कृषि ही वहां के लोगों का जीविकोपार्जन का साधन है। बाढ़ का पानी पूरी तरह फ़ैल जाने के कारण खेतो में लगी सब्जी भिंडी,परवल,करेला,कद्दू, मिर्ची ,मक्का सहित लाखो रुपए की फ़सल बर्बाद हो गई। यूं कहें कि बाढ़ ने लोगों की रोटी छीन ली।लोग त्राहिमाम की स्थिति में हैं।शासन प्रशासन के लोगों का अब तक बाढ़ के तरफ ध्यान नहीं गया।

अन्य समाचार