बिहारः जदयू अध्यक्ष ललन सिंह बोले, कुशवाहा से मिलने पर किसी की छाती पर सांप लोट रहा तो मैं क्या करूं

राज्य ब्यूरो, पटना : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा से मेरी मुलाकात पर अगर किसी की छाती पर सांप लोट रहा है तो मैं क्या करूं! राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद ललन सिंह पहली बार रविवार को उपेंद्र कुशवाहा के घर सुबह के नाश्ते के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि दोनों को मिलकर जदयू को मजबूत बनाना है और दोनों के एकमात्र नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। उन्हें मजबूत बनाना है, तभी पार्टी भी मजबूत होगी।

दरअसल, ललन सिंह से पूछा गया था कि विपक्ष का आरोप है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उपेंद्र कुशवाहा से उनके रिश्ते में तल्खी आ गई है। ललन सिंह का जवाब था कि विपक्ष तो बिना जमीन के पौधा उगा रहा है। उपेंद्र कुशवाहा पुराने साथी हैं। लोकदल के जमाने से ही वे लोग साथ काम करते रहे हैं। दोनों में कोई अंतर नहीं है। बकौल ललन, मैं पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं और उपेंद्र कुशवाहा राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष। इसलिए मुलाकात का सिलसिला तो चलता रहेगा। विपक्ष को तो काम ही बात बनाने का है।
एक फ्लेक्स का किस्सा पूरे दिन चला जदयू दफ्तर में
जदयू के प्रदेश कार्यालय में रविवार को पूरे दिन एक फ्लेक्स के किस्से ने मामला को तल्ख किए रखा। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने निर्देश देकर उस फ्लेक्स को हटवाया और फ्लेक्स लगवाने वाले को चेतावनी भी दी।जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह 16 अगस्त को पटना आने वाले हैैं। केंद्र में मंत्री बनने के बाद उनका यह पहला दौरा है। उनके स्वागत में जदयू के प्रदेश महासचिव व पूर्व विधायक अभय कुशवाहा ने एक बड़े आकार का फ्लेक्स जदयू प्रदेश कार्यालय की चारदीवारी के समीप लगा दिया। उक्त पोस्टर में पार्टी के सभी नेताओं का जिक्र था, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह का नाम ही गायब था। पार्टी के लोग वह पोस्टर देख बेचैन हो गए।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यालय में प्रवेश करते समय उन्होंने फ्लेक्स देखा। पहले उन्होंने उसे हटाने का निर्देश दिया और उसके बाद अभय कुशवाहा से बात की। बताया कि पार्टी के प्रोटोकाल के लिहाज से इस तरह का फ्लेक्स अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इस बाबत जब अभय कुशवाहा से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि बहरहाल वे नवादा में हैं। फ्लेक्स लगाने के लिए उन्होंने जरूर कहा था, लेकिन उसे देखा नहीं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से बात कर अपनी गलती स्वीकार कर ली है। नए तरीके से फ्लेक्स तैयार कर लगाया जाएगा।

अन्य समाचार