मुंगेर में बालिका हत्याकांड का तार खगड़िया से जुड़ा

खगड़िया। मुंगेर के सफियावाद ओपी क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या और आंख निकालने मामले का तार खगड़िया से जुड़ गया है। मुंगेर पुलिस ने मोरकाही पुलिस के सहयोग से मधुरा गांव से परवेज आलम को गिरफ्तार किया गया है। मुंगेर एसपी ने इसे झाड़-फूंक के चलते हत्या बताया है। बताया कि परवेज आलम के निर्देशन में हत्या की गई और दिलीप चौधरी समेत चार को गिरफ्तार किया गया है।

महिला को बच्चे नहीं होने को लेकर दिलीप चौधरी ने खगड़िया के परवेज आलम से संपर्क किया था। सामने आया कि परवेज ने बच्चे होने के एवज में बालिका का बध करने की सलाह दी थी। जिस कारण इस निर्मम घटना को अंजाम दिया गया। इधर, सूत्रों का कहना हुआ कि बच्ची की हत्या बाद दिलीप खगड़िया के मोरकाही क्षेत्र आया था और झाड़-फूंक करने वाले परवेज से मिला था। चर्चा है कि दिलीप बच्ची की हत्या कर उसकी आंख निकालकर खगड़िया के मधुरा आया था और उस आंख का ताबिज बनाकर परवेज ने दिलीप को दिया था। वैसे अभी गहन पड़ताल ही चल रही है।

उत्तर माड़र पंचायत की मधुरा गांव का रहने वाला परवेज आलम पहले से अभावग्रस्त जिदगी जी रहा था। मजदूरी उसका मुख्य पेशा था। कई सालों से वह झाड़-फूंक करने लगा। उससे उसका जीवकोपार्जन आसानी से चलने लगा। गांव के कई लोगों का कहना हुआ कि वह कई सालों से झाड़- फूंक करता था। मगर आज तक कोई शिकायत नहीं मिली थी। इधर, उक्त पंचायत के मुखिया मु. मेराज उर्फ आजाद ने बताया कि बकरीद के बाद से परवेज गांव से बाहर नहीं गया था। चार अगस्त को परवेज ने कोरोना वैक्सीन ली थी। दूसरे दिन उसे बुखार लग गया था। हां, हाल ही में मुंगेर से कोई परवेज से मिलने आया था। अब मामला क्या है, यह जांच से ही पता चलेगा।
बहरहाल, तंत्र मंत्र को लेकर ही एक दशक पहले बेलदौर क्षेत्र में एक बालक का हाथ काटकर तड़पता हुआ छोड़ दिया था। उसे किसी ने तड़पता देखकर पुलिस को सूचना दी। मामला हाई लेवल पर पहुंच गया और तांत्रिक समेत अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इधर, मोरकाही थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने इतना बताया कि मुंगेर पुलिस आई थी और परवेज आलम को पूछताछ हेतु मुंगेर ले गई।

अन्य समाचार