हुजूर! लड़के- लड़कियां नहीं ले पातीं बीए-एमए की डिग्री, नवादा के लोगों ने CM नीतीश कुमार को लिखा पत्र

संवाद सहयोगी, नवादा। अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय में डिग्री कॉलेज की मांग जोर पकडऩे लगी है। वैसे तो सरकार ने प्रत्येक अनुमंडल मुख्यालय में डिग्री कॉलेज की स्थापना की घोषणा कर रखी है, लेकिन अबतक यह धरातल पर नहीं उतर सका है। ऐसे में उग्रवाद प्रभावित रजौली अनुमंडल के छात्राओं के लिये उच्च शिक्षा किसी दिवा स्वप्न से कम नहीं है। इस बाबत मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को अलग अलग पत्र भेजा गया है।

राजद व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार बॉबी के अनुसार अकबरपुर प्रखंड जिले का सबसे बड़ा आबादी वाला प्रखंड है। फिलहाल फरहा पंचायत को नवादा नगर परिषद में शामिल किये जाने के बावजूद 19 पंचायत है। अकेले अकबरपुर की आबादी नगर पंचायत गठन के लायक हो चुकी है। यह अलग बात है कि इसे अबतक नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिला है।
प्रखंड में फिलहाल प्रोजेक्ट कन्या विद्यालय समेत कई विद्यालयों को इंटर विद्यालय का दर्जा दिया गया है। प्रतिवर्ष सैकडों छात्राएं नियमित पढ़ाई कर इंटर पास कर रही है, लेकिन उच्च शिक्षा के लिये उनकी प्रतिभा को पंख नहीं लग रहा है। संपन्न घराने के कुछ लोग अपनी बच्चियों को उच्च शिक्षा के लिये बाहर व्यवस्था कर ले रहे हैं लेकिन मध्यम व निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए इस महंगाई में उच्च शिक्षा दिला पाना संभव नहीं है।
उन्होंने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय में आधी आबादी को अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए डिग्री कॉलेज की स्थापना का अनुरोध किया है। लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों व स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई। लेकिन, नतीजा सिफर निकला। बाध्‍य होकर उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से गुहार लगाई है।
लोगों का कहना है कि पत्र का जवाब नहीं मिलता तो अकबुरपुर से एक प्रतिनिधिमंडल नीतीश कुमार के जनता दरबार में जाएगा। वहां फरियाद की जाएगी। वे अपनी मांग को लेकर आंदोलन करने से भी नहीं चूकेंगे। डिग्री कॉलेज खुल जाने के बाद यहां के लड़के-लड़कियां बीए-एमए की पढ़ाई कर सकते हैं।

अन्य समाचार