उपमुख्यमंत्री ने लिया सेवा शिविर का जायजा

खगड़िया। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित बापू मध्य विद्यालय सेवा शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सेवा शिविर की व्यवस्था का जायजा लिया। बाढ़ से विस्थापित लोगों के रहने, खाने आदि के बारे में पूछा। लोगों ने बताया कि व्यवस्था बेहतर है। उपमुख्यमंत्री बारी- बारी से प्रत्येक कमरे में जाकर वहां की व्यवस्था से अवगत हुए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था संतोषजनक है। सेवा शिविर में शरण लिए पांच गर्भवतियों का हाल जाना। उन्होंने सभी गर्भवतियों का खास ख्याल रखने का निर्देश जिलाधिकारी को दिया। मालूम हो कि गंगा और बूढ़ी गंडक नदी में उफान के बाद बाढ़ से प्रभावित नगर परिषद वार्ड नंबर 24 की चार गर्भवती और रहीमपुर दक्षिणी के मथार की एक गर्भवती बापू मध्य विद्यालय बाढ़ राहत सेवा शिविर में शरण ली है। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विस्थापित बाढ़ पीड़ितों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो। इनका ठीक ढंग से ख्याल रखा जाए। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी, नगर सभापति सीता कुमारी, जिला अधिकारी आलोक रंजन घोष, डीडीसी अभिलाषा शर्मा, सदर एसडीओ धर्मेंद्र कुमार, नगर कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता संजय खंडेलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रविश चंद्र, वार्ड पार्षद रणवीर कुमार, भाजपा के पूर्व महामंत्री शत्रुघ्न भगत भगत आदि मौजूद थे।


राहत शिविर में वीडियोग्राफी करना नेताजी को पड़ा महंगा खगड़िया। इंटर विद्यालय भरतखंड स्थित बाढ़ राहत शिविर में जाकर एक नेताजी को वीडियोग्राफी करना महंगा पड़ गया। नेताजी ने वहां जाकर ज्यों ही वीडियोग्राफी शुरू की, तो बाढ़ पीड़ितों ने उन्हें घेरा लिया। न सिर्फ घेर लिया, बल्कि धक्का-मुक्की भी की। और वीडियो के डी-लिट बाद ही माने। बेचारे नेताजी की भद पीट गई। मामला बिगड़ता देख किसी ने गोगरी एसडीओ सुभाषचंद्र मंडल को जानकारी दी। एसडीओ के निर्देश पर भरतखंड ओपी पुलिस वहां पहुंची। इसके बाद मामला शांत हुआ। ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार योगेश ने बताया कि मामला सुलझा दिया गया है। किसी पक्ष ने लिखित नहीं दिया है।

अन्य समाचार