मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी योगेंद्र सिंह को मिली सदर प्रखंड की कमान

जमुई। मनरेगा में नव पदस्थापित पदाधिकारियों व अभियंताओं को जिला पदाधिकारी ने योगदान के साथ ही प्रखंड आवंटित कर दिया है। साथ ही जमुई से स्थानांतरित कार्यक्रम पदाधिकारियों को भी विरमित कर दिया है। विरमित आदेश के साथ ही गिद्धौर के तत्कालीन कार्यक्रम पदाधिकारी नंदन आस्तिक व बरहट के तत्कालीन कार्यक्रम पदाधिकारी विनोद कुमार से नव पदस्थापित जिला में क्रमश: 13910 तथा 48154 रुपये वसूल किए जाएंगे। इसके लिए वहां के उप विकास आयुक्त को वसूलनीय राशि की वसूली कर संबंधित विभागीय खाता में जमा कराते हुए प्रतिवेदन प्रतिवेदित करने को कहा गया है। इधर नव पदस्थापित कार्यक्रम पदाधिकारियों में योगेंद्र सिंह को जमुई सदर प्रखंड की कमान दी गई है। जबकि संजय झा तथा सुशील कुमार के ऊपर भी बड़ा भरोसा किया गया है। इन दोनों को बड़े प्रखंडों में शुमार क्रमश: चकाई और सोनो की जिम्मेवारी दी गई है। नव पदस्थापित अधिकारी असलम हुसैन को इस्लामनगर अलीगंज तथा राम गंगा को गिद्धौर की विरासत थमाई गई है। इधर जमुई से स्थानांतरित कार्यक्रम पदाधिकारियों में सत्येंद्र नारायण को कटिहार, नंदन आस्तिक और दीपू कुमार को गया, स्मृति पुष्प तथा विनोद कुमार को लखीसराय के लिए विरमित कर दिया गया है। इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने यहां से स्थानांतरित कनीय अभियंताओं मनीष चौधरी, महाराजा विक्रमादित्य, अनिरुद्ध सिंह, सफा रहमारी, पारस राम, अभिजीत कुमार, दीपक कुमार, आनंद वाजपेई तथा सूर्य नारायण झा को भी विरमित कर दिया गया है। कनीय अभियंता महाराजा विक्रमादित्य, अभिजीत कुमार, दीपक कुमार एवं मनीष कुमार से भी वसूलनीय राशि क्रमश: 18188, 11475, 20864 एवं 67731 रुपए वसूली की जिम्मेवारी नव पदस्थापित जिले के उप विकास आयुक्त को सौंपी गई है। इसके अलावा जमुई में नव पदस्थापित अभियंताओं को भी प्रखंड आवंटित कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक नीरज पांडे को सोनो, तारिक अनवर को इस्लामनगर अलीगंज, निरंजन कुमार को सिकंदरा, तरुण कुमार को लक्ष्मीपुर, प्रवीण कुमार को झाझा, अमित कुमार को गिद्धौर, अरविद सिंह को बरहट, ओंकार पासवान को चकाई, संतोष कुमार को जमुई तथा एक और संतोष कुमार को खैरा की कमान दी गई है। इसी प्रकार जमुई से स्थानांतरित सहायक अभियंता शिव नारायण देव को लखीसराय के लिए विरमित कर दिया गया है। उनकी जगह नव पदस्थापित सहायक अभियंता संजय गांधी को झाझा, सोनो, चकाई, लक्ष्मीपुर, गिद्धौर एवं बरहट का प्रभार दिया गया है।


अन्य समाचार