कैमूर में शहर में अतिक्रमण के कारण लग रहा जाम

कैमूर। जिला मुख्यालय भभुआ नगर में अतिक्रमण की समस्या अब लोगों को काफी परेशान कर रही है। अतिक्रमण के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त है। लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। शहर में पार्किग की व्यवस्था नहीं है। अतिक्रमण हटाओ अभियान माह में एक दो बार चलता है। फिर अतिक्रमणकारी काबिज हो जाते हैं। प्रशासन भी ध्यान नहीं देता है। समस्या जस की तस बनी रहती है।

एक तो अतिक्रमण दूसरे वाहनों का सड़क पर खड़ा करना। इन दोनों समस्याओं के चलते सड़क पर चलने तक की जगह नहीं बच पा रही है। इससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब पर्व त्योहार के दिन भी शुरू हो गए हैं। रक्षा बंधन बीतने के बाद भादो का महीना शुरू हो गया। अब कृष्ण जन्माष्टमी, तीज, चौथ सहित अन्य पर्व अब क्रमश: आते रहेंगे। खेतीबाड़ी का समय चल रहा है, इसके चलते किसानों का भी बाजार आना-जाना रोज है। ऐसे में अतिक्रमण के चलते सभी लोगों को परेशानी होगी। लेकिन प्रशासन की तरफ से अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

बीते दिनों अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई भी तो सिर्फ खानापूर्ति की गई। सिर्फ अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। इससे सड़क पर ठेला पर दुकान लगाने वाले नहीं हट रहे। वहीं जो चार पहिया वाहन से आ रहे हैं। सड़क के किनारे ही वाहन खड़ा कर दे रहे हैं। बाइक, ई-रिक्शा, आटो आदि वाहनों को चलाने वाले भी जहां मन वहीं खड़ा कर काफी देर तक अपना काम कर रहे हैं। इससे अतिक्रमण की समस्या और बढ़ जा रही है।
मुख्य नाला पर दुकानदारों का कब्जा
सबसे बड़ी बात है कि जो आमलोगों को चलने के लिए मुख्य नाला बनाया गया है उस पर भी अतिक्रमण काफी बढ़ गया है। मुख्य नाला पर कहीं खाली जगह नहीं है जहां लोग खड़ा होकर भी कुछ वक्त गुजार ले। मुख्य नाला पर दुकानदारों का कब्जा हो गया है। इससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। नगर के प्रबुद्ध लोगों ने जिला प्रशासन से अतिक्रमण की समस्या को लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।

अन्य समाचार