राशि गबन मामले में महगामा के मुखिया पर चला डंडा, हुई गिरफ्तारी

मुंगेर । प्रखंड के महगामा पंचायत के मुखिया अजय साव को लड़ैयाटांड़ थाने की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। मुखिया को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मुखिया पर सरकारी राशि का गबन करने का मामला है। मुखिया पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया था, इसके बाद से पुलिस तलाशी में जुटी थी। मुखिया की गिरफ्तारी से प्रखंड क्षेत्र में सात निश्चय योजना सहित अन्य योजनाओं में अनियमितता करने वालों के होश उड़ गए हैं। दरअसल, तत्कालनीन जिलाधिकारी रचना पाटिल के निर्देश पर बीडीओ डा. प्रभात रंजन ने 11 फरवरी को धरहरा प्रखंड के महगामा पंचायत मुखिया अजय साव पर मुकदमा दर्ज कराया था। 14 वीं व पंचम योजनाओं के तहत पंचायत में लगने वाली स्ट्रीट लाइट मामले की जांच में मुखिया पर मुकदमा हुआ था। साथ ही सात निश्चय मुख्यमंत्री योजना के तहत पंचायत में नल-जल व गली नली योजना में व्यापक अनियमितता पाई गई थी। पंचायत के सभी दोषी जनप्रतिनिधि व कर्मी पर भी सरकारी राशि गबन का मामला दर्ज कराया गया है। महागामा के मुखिया अजय साह के अलावा पंचायत सचिव देवेंद्र वर्मा, जनसेवक रवीश कुमार ,कनीय अभियंता अरुण कुमार गुप्ता, तकनीकी सहायक व वार्ड संख्या एक, दो, तीन, चार, पांच, आठ, नौ और 13 के क्रियान्वयन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व सचिव सहित कुल 23 को नामजद किया गया है। हैरत की की बात यह है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुखिया पंचायत में काम करते रहे। लड़ैयाटांड़ थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार मुखिया को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।


अन्य समाचार