पिपरिया प्रखंड प्रमुख के पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जेल

लखीसराय। पिपरिया थाना की पुलिस ने निवर्तमान प्रखंड पंचायत समिति प्रमुख के पति रामविलास शर्मा को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पिपरिया पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने उनके खिलाफ स्थानीय थाने में केस दर्ज कराया था। जिले के पिपरिया प्रखंड मुख्यालय मोहनपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले दिनों प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा का फोटो एएनएम नीलिमा मेहता के मोबाइल से लेने के बाद एएनएम एवं आशा के वाट्सएप ग्रुप से किसी ने साजिश के तहत वायरल कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने पीएचसी में ग्रामीणों को जुटाकर हंगामा किया और सरकारी कार्य में बाधा डाला। थानाध्यक्ष राजकुमार साहू ने बताया कि नामजद आरोपित प्रखंड प्रमुख लूसी देवी के पति रामविलास शर्मा को शुक्रवार को लखीसराय शहर के पुरानी बाजार से गिरफ्तार कर लिया। प्रमुख पति की गिरफ्तारी होते ही दियारा क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई। पुलिस एक अन्य नामजद भाजपा नेता नवीन सिंह की तलाश कर रही है। रामविलास शर्मा की गिरफ्तारी की भनक लगते ही भाजपा नेता भूमिगत हो गए हैं। जानकारी हो कि पीएचसी पिपरिया में प्रसव के दौरान एएनएम नीलिमा मेहता ने नवजात की फोटो ली। फोटो लेने के दौरान गलती से प्रसूता के शरीर का आपत्तिजनक भाग भी फोटो फ्रेम में आ गया। हालांकि उसकी पहचान फोटो से नहीं हो पाई। एएनएम ने फोटो को अपने एएनएम आशा ग्रुप पर भेजा। इसके बाद किसी ने उस ग्रुप से फोटो को वायरल कर दिया। इसके बाद प्रमुख प्रतिनिधि रामविलास शर्मा और भाजपा नेता नवीन सिंह ने स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुटाकर पीएचसी में जमकर हंगामा किया था। मेडिकल स्टाफ के साथ दु‌र्व्यवहार एवं गाली गलौज करने की भी बातें कही गई। बाद में पीएचसी प्रभारी के बयान पर पिपरिया थाना में हंगामा करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

सरकारी योजना का लाभ दिलाने का दे रहे भरोसा यह भी पढ़ें

अन्य समाचार