कोविड टीकाकरण : जिला ने छुआ 3 लाख का आंकड़ा

जागरण संवाददाता शेखपुरा : कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में जिला में एक नया मुकाम हासिल किया है। लोगों को टीका लगाने में जिला ने 3 लाख का आंकड़ा पार कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक जिला में अब तक 3 लाख 1870 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें 250571 को पहला डोज और 51299 लोगों को टीका का दोनों डोज लगाया जा चुका है। टीका लगवाने वालों में पुरुषों की संख्या 152768 तथा महिलाओं की 149123 है। उम्रवार आंकड़ा पर नजर दें तो,18 से 44 साल के लोगों 168090 को,45 से 60 साल तक की आयु के 72092 लोगों को और 60 साल से ऊपर की आयु के 61760 लोगों को टीका लगाया गया है। सिविल सर्जन डॉ केएमपी सिंह तथा डीपीएम श्याम कुमार निर्मल ने बताया शुरू में टीका को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति थी। इसमें प्रचार-प्रसार की वजह से लोग जागरूक होकर स्वयं टीका केंद्रों पर पहुंचने लगे। इसी का परिणाम है कि जिला 3 लाख के आंकड़े को पार कर गया है। जिला में 18 साल से ऊपर के 403829 लोगों को टीका लगाया जाना है। जिला के दोनों शहरों शेखपुरा और बरबीघा में सौ फीसद लोगों को टीका लगाया जा चुका है। हाल के दिनों में तीन महा अभियान जिला में टीका की गति को बढ़ाने में काफी मददगार साबित हुआ है। बता दें सरकार ने 31 जुलाई तक ही शेखपुरा जिला को पूर्ण टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा था,मगर बीच में वैक्सीन की कमी ने टीकाकरण की गति को अवरुद्ध कर दिया।


अन्य समाचार