शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाएगा नवरात्र का त्योहार

शिवहर। जिले में इस बार शांति और सदभाव के साथ सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए नवरात्र का त्योहार मनाया जाएगा। पंचायत चुनाव और कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर कुछ सख्ती रहेगी। आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार का जुलूस प्रतिबंधित रहेगा। जबकि डीजे का प्रयोग भी नहीं किया जाएगा। सरकारी आदेश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। नगर थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार व थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रघुनाथ प्रसाद ने इसकी जानकारी दी। बैठक में बीडीओ और थानाध्यक्ष ने लोगों से सामाजिकता और आपसी भाईचारा का परिचय देते हुए पर्व-त्योहार की खुशियां बांटने और सदभाव के क्षेत्र में जिले को बिहार में गौरवान्वित करने की अपील की। बताया गया कि, आयोजन के दौरान इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। बैठक में प्रेमशंकर पटेल, टिमन पटेल, विजय विकास, हरिद्वार राय पटेल, राम सिंह सहित सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक लोग मौजूद थे।


पंडाल व डीजे पर प्रतिबंधन, घर पर करें दुर्गापूजा परिहार, संस: शांतिपूर्ण तरीके से दुर्गा पूजा मनाने को लेकर मंगलवार को बेला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एसडीओ राकेश कुमार तथा डीएसपी रमाकांत उपाध्याय ने संयुक्त रूप से की। अधिकारी द्वय ने कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए घर में पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंडाल बनाने एवं डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। कहा कि किसी प्रकार का जुलूस भी नहीं निकाला जाना है। अधिकारियों ने लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाह से सतर्क रहने की बात कही। कहां की अफवाह फैलाने वालों की सूचना प्रशासन को दें। प्रशासन सदैव आपके साथ है। अधिकारियों ने कहा कि शरारती एवं उपद्रवी तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। मौके पर थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह एवं रामदास पासवान सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

अन्य समाचार