आज से भारत-नेपाल सीमा खुलने की संभावना

मोतिहारी । नेपाल सरकार के मंत्रिमंडल के निर्णय के पाचवें दिन यानी आज भारत-नेपाल सीमा खोलने की प्रबल संभावना है। जिसकी तैयारी नेपाल प्रशासन ने शुरू कर दिया है। इसकी जानकारी होटल तथा पर्यटन व्यवसायी संघ के अध्यक्ष हरि पंत ने दी। बताया कि मंत्री परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद स्थानीय प्रशासन के समन्वय के अभाव में बार्डर खोलने में विलंब हुआ। श्री पंत ने बताया कि अर्थ मंत्री के सचिव से बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि पत्र चला गया है। बार्डर खुलने का आश्वासन दिया है। श्री पंत ने बताया कि भारत से आने वाले देशी-विदेशी पहले पर्यटक वाहन का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया जाएगा। व्यवसायी संगठन के लोग बार्डर पर स्वागत के लिए उपस्थित रहेंगे। बता दें कि रक्सौल अनुमंडल से सटे नेपाल के पर्सा और बारा जिला से जुड़े बार्डर को शीघ्र खोलने का निर्णय लिया गया था। जिससे सीमावर्ती नेपाल और भारत के लोगों में खुशी का माहौल था। बार्डर नहीं खुलने से लोग निराश थे। कोरोना संक्रमण काल में करीब 19माह से बार्डर सील था। करीब पांच माह पूर्व नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार के उप प्रधानमंत्री ईश्वर पोखरेल ने बार्डर खोलने संबंधी जानकारी दी थी। बताया था कि सरकार ने बार्डर खोलने का निर्णय लिया है। भारत सरकार ने बार्डर खोल दिया है। दोनों देशों के लोग बार्डर खोलने को लेकर टकटकी लगाए बैठे हैं।जबकि नेपाली वाहन निर्बाध गति से भारतीय सीमा क्षेत्र में आवागमन कर रहे हैं। जिसके कारण सीमावर्ती क्षेत्र की जनता के बीच बार्डर खुलने को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।


अन्य समाचार