सेहत के सामान्य सूत्रों से मिलेगा दीर्घायु जीवन का आनंद: भार्गव

मधेपुरा। सेहत केवल बीमारियों के अभाव की अवस्था नहीं है, बल्कि यह वह आदर्श अवस्था है, जिसमें मनुष्य अपनी समग्र क्षमताओं का समुचित उपयोग कर सके। इसमें न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक, सामाजिक व आध्यात्मिक पहलू भी समाहित है। उक्त बातें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली के पूर्व पीआई डा. विनीत भार्गव ने कही। वे शनिवार को सेहत के सूत्र विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय के सेहत केंद्र के तत्वावधान में किया गया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जैविक जगत का हिस्सा है। जगत में जो कुछ हमसे जुड़ा है, वह सब हमारे स्वास्थ्य का कारक और निर्धारक हो सकता है। इसलिए सेहत के सामाजिक व आध्यात्मिक पहलु भी हैं। उन्होंने कहा कि सेहत के लिए अच्छा खान-पान तथा शरीर व आस-पास की स्वच्छता जरूरी है। साथ ही हमारा सकारात्मक सोच, प्रेमपूर्ण पारिवारिक संबंध, सामाजिक सरोकार और बेहतर वातावरण भी आवश्यक है। उन्होंने सबों से अपील किया कि वे यह प्रतिज्ञा करें कि सेहत सर्वप्रथम है। सही खान-पान, उचित व्यायाम, पर्याप्त नींद और घर का बना ता•ा भोजन हमारे सेहत के लिए लाभदायक है। जंकफूड, नशा, तनाव आदि सेहत के लिए नुकसानदायक है। हम सेहत के सामान्य सूत्रों को अपनाकर दीर्घायु जीवन का आनंद ले सकते हैं। कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के सहायक निदेशक (युवा) आलोक कुमार सिंह ने कहा कि युवा ही देश के भविष्य हैं और उन्हीं के ऊपर देश के नवनिर्माण की जिम्मेदारी है। युवा स्वस्थ होंगे, तो हमारा परिवार, समाज एवं राष्ट्र स्वस्थ होगा। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक पीयूष परांजपे (पटना) ने कहा कि एनएसएस हमें एक जिम्मेदार मनुष्य बनाता है। यह जिम्मेदारी अपने प्रति से भी संबंधित है और परिवार, समाज व राष्ट्र तथा संपूर्ण विश्व से भी संबंधित है। इसका दायरा न केवल सभी मनुष्यों बल्कि मनुष्येतर प्राणियों तथा संपूर्ण चराचर जगत तक फैला है। हमें सभी मनुष्यों, जीव-जंतु व प्रकृति-पर्यावरण सबों के प्रति अपनी संवेदना बनाए रखनी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनसंपर्क पदाधिकारी डा. सुधांशु शेखर ने किया। संचालन शोधार्थी सारंग तनय ने किया। इस अवसर पर डा. शंकर कुमार मिश्र, डा. स्वर्ण मणि, डा. अमरेंद्र कुमार, सौरभ कुमार चौहान, क्रांति कुमारी, मुस्कान, प्रिस कुमार सिंह, आलोक कुमार, श्वेता, दिव्य ज्योति, रामानुज रवि, रेनू कुमारी, ज्योतिष कुमार, नीतू कुमारी, धीरज कुमार, माधव कुमार, सौरव कुमार, रामानुज रवि, हिमांशु, रोशन यादव, आशीष आनंद, रेनू कुमारी आदि उपस्थित थे।


अन्य समाचार