बथनाहा में 54 तो बोखड़ा में 55 फीसद मतदान, लोकतंत्र का महापर्व में जबरदस्त भागीदारी

सीतामढ़ी। पंचायत आम निर्वाचन का तीसरा चरण शुक्रवार को बथनाहा एवं बोखड़ा में शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। दोनों प्रखंडों में बीता चुनाव अगले चरण के लिए झांकी था। पुलिस व प्रशासन के लिए भी यह इम्तिहान की घड़ी थी और आम लोगों का भरोसा जीतने की चुनौती भी। मगर, सब शांति-शांति गुजर गया। सबने राहत की लंबी सांस ली। जिलाधिकारी सुनील कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय सहित तमाम अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी मतदान केंद्रों का सुबह से जायजा ले रहे थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्सव एवं उत्साह के वातावरण में मतदान संपन्न हुआ। अपराह्न पांच बजे तक बथनाहा में लगभग 54 फीसद एवं बोखड़ा में 55 फीसद मतदान हुआ। दोनों प्रखंडो में विभिन्न पदों के लिए कुल 4142 प्रत्याशी मैदान में हैं। बथनाहा में 313 एवं बोखड़ा में 160 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बोखड़ा में 89063 मतदाता तो बथनाहा में 172186 मतदाता हैं।


-------------------------- पंचायत चुनाव : अधिकतर केंद्रों पर नहीं था टेंट-सामियाने का इंतजाम बथनाहा/बोखड़ा, संस : पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान में मतदान केंद्रों में से अधिकतर पर धूप से बचने के लिए टेंट या सामियाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया था। मतदाता छाता लेकर आए हुए थे तो महिलाएं अपनी पल्लू से सिर ढंकती हुई दिखीं। इस वजह से मतदाताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मतदान केंद्रों पर धूप से बचने के लिए सुविधा नहीं रहने से मतदाताओं में काफी आक्रोश भी देखा गया। जबकि, मतदान केंद्रों पर टेंट लगाए जाने का स्पष्ट निर्देश प्रशासनिक स्तर पर पूर्व में ही जारी किया जा चुका था। धूप की वजह से महिलाएं छांव की तलाश करते हुए अपने घर लौट जा रही थीं।

अन्य समाचार