सब्जियों की संरक्षित खेती पर कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ ई-किसान चौपाल

मधुबनी । कृषि विज्ञान केंद्र सुखेत में सब्जियों की संरक्षित खेती पर ई-चौपाल का आयोजन किया गया। उद्घाटन कृषि विश्वविद्यालय पूसा के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. एमएस कुंडू, उप निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. अनुपमा कुमारी ने किया। उन्होंने सब्जियों की संरक्षित खेती पर ई-चौपाल का आयोजन करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र सुखेत को धन्यवाद दिया और कहा कि यह चौपाल किसानों के लिए बहुत ही उपयोगी है। उन्होने किसानों से कहा कि सब्जी को सरंक्षित करने उसकी पैदावार बढ़ाने के लिए जो जानकारी इस किसान चौपाल में विशेषज्ञ दे रहे हैं उस पर किसान अमल कर सब्जी से खूब मुनाफा कमा सकते हैं और उनकी सब्जी खराब होने से भी बचेगी। चौपाल में पूसा से डॉ. उदित कुमार सहायक प्राध्यापक, उद्यान विभाग ने किसानों को सब्जियों का वैज्ञानिक तरीकों से संरक्षण के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। पूसा से ही डॉ. प्रमिला कुमारी सहायक प्राध्यापक, उद्यान विभाग ने रबी मौसम में सब्जियों की संरक्षित खेती कैसे की जाए इस बारे में किसानों के साथ गहन मंथन किया। कृषि विज्ञान केंद्र, जाले, दरभंगा से विषय वस्तु विशेषज्ञ पौधा सरंक्षण डॉ. आरपी प्रसाद ने सब्जियों में लगने वाली विषाणु जनित बीमारियों एवं उनका रोकथाम के उपाय की जानकारी दी। इसके पश्चात किसानों के साथ एक प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें किसानों ने अपनी सब्जियों की संरक्षित खेती से जुड़े हुए सवाल पूछे और पूसा के वैज्ञानिकों एवं जाले के विषय वस्तु विशेषज्ञ द्वारा उनका निवारण दिया गया। अंत में केंद्र के प्रभारी डॉ. सुधीर दास ने सभी किसानों का एवं समस्त वैज्ञानिक गणों को इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। इस ई-चौपाल में केंद्र के प्रभारी डॉ. सुधीर दास, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र झंझारपुर के मृदा वैज्ञानिक डॉ. सर्वेश कुमार, वरीय शोधकर्ता आशुतोष यादव, तकनीकी सहायक धीरेन्द्र कुमार एवं मधुबनी जिले के अलग-अलग प्रखंड से जुड़े हुए किसानों ने भाग लिया।

फुलपरास व खुटौना के 3120 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज यह भी पढ़ें

अन्य समाचार